हजारीबाग: दुर्गा पूजा को लेकर लोगों में उत्साह चरम सीमा पर है. एक ओर डांडिया नाइट्स का आयोजन हो रहा है तो दूसरी ओर पूजा पंडाल बनकर तैयार हो चुका है. मां अपने भक्तों को दर्शन दे रही हैं. अष्टमी, नवमी, दशमी को शहर में जनसैलाब दिखेगा. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता हो, इसे लेकर तैयारी पूरी की गई है. सफेद लिबास में बल तैनात रहेंगे. ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा, अतिरिक्त सुरक्षा बल, महिला पुलिस बटालियन सभी को सुरक्षा को लेकर तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पूजा पंडालों और मेला परिसरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हजारीबाग प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भारी भीड़ के सुचारू नियंत्रण को लेकर विभिन्न पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया गया.
👮♂️ एसएसपी और पुलिस प्रशासन सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
अधिकारियों ने पूजा समितियों को सरकारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की सख्त हिदायत दी है. हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि 100 से अधिक गुप्तचर शहर से लेकर गांव तक तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं. प्रत्येक दिन कंट्रोल रूम में गुप्तचरों की ओर से सूचना भी उपलब्ध कराई जा रही है. एसपी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति जो नियम-कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
अष्टमी, नवमी और दशमी—इन 3 दिनों में हजारीबाग में भारी जनसैलाब देखने को मिलता है. गांव-देहात से भी लोग मेला का आनंद लेने के लिए शहर पहुंचते हैं. सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि महिला प्रवेश द्वार अलग बनाएं और वहां सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल रखें. पंडाल में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ पूजा समितियां भी अपने वॉलंटियर्स तैनात रखेंगी, जो व्यवस्था बनाने में अपना सहयोग देंगे. पंडालों में ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर पूरी तरह मनाही की गई है.
🚁 ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, पुलिस ने किया मॉक ड्रिल
हजारीबाग पुलिस ने दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल किया है और आम जनता को भरोसा दिलाया है कि पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. साथ ही हुड़दंगियों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि कानून तोड़ा गया तो बख्शा नहीं जाएगा. हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने आम लोगों को विश्वास दिलाया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के लिए फुल-प्रूफ तैयारियां की गई हैं ताकि सभी लोग शांतिपूर्वक पर्व का आनंद ले सकें.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.