बैतूल: झल्लार थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसका कत्ल हुआ है. मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था. उसके प्रस्ताव को ठुकराने से नाराज आरोपी ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया.
मामले की जानकारी देते हुए एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा, 28 जनवरी 2026 को पुलिस को बासनेर खुर्द निवासी देवी धोटे की मौत की सूचना मिली. बताया गया कि युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया है. सूचना मिलते ही झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों से जानकारी जुटाई. रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
जांच के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने गांव के ही रहने वाले राहुल धोटे पर हत्या का संदेह जताया. उन्होंने बताया कि राहुल, देवी से एकतरफा प्रेम करता था और उस पर शादी करने को लेकर दबाव बना रहा था. पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच शुरू की. परिजनों के बयान, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया.
बकरी चराने के लिए निकली थी युवती, खेत में मिला शव
एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया, विवेचना के दौरान मृतका के परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन युवती बकरियां चराने निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आई. जिससे चिंतित परिजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसका शव गांव के ही एक शख्स के खेत में मिला.
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
शव परीक्षण के दौरान युवती के शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गईं. जिससे अंदेशा लगाया गया कि उसने आत्महत्या नहीं की थी बल्कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट हुई थी. जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना के दिन आरोपी युवक को युवती के घर के आसपास घूमते हुए देखा गया था. आरोपी ने घटना से कुछ दिन पहले मृतका के परिजनों को धमकी दी थी कि अगर युवती से उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह उसे सल्फास खिलाकर मार देगा. इसके अलावा उसकी मोबाइल लोकेशन भी उसी क्षेत्र में पाई गई, जहां युवती का शव मिला था.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.