सोनिया गांधी की आत्मकथा में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को लेकर बड़ा खुलासा, तस्वीरें देख छलक आए थे इंदिरा गांधी के आंसू
नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों राजनीतिक और साहित्यिक गलियारों में खासी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बहुचर्चित किताब में उन्होंने अपने निजी जीवन, राजनीतिक सफर के साथ-साथ गांधी परिवार से जुड़े कई ऐतिहासिक और संवेदनशील पन्नों को भी पलटा है। इसी कड़ी में किताब के भीतर वर्ष 1984 के बहुचर्चित ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ (Operation Blue Star) का भी विस्तार से जिक्र किया गया है। सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब में दावा किया है कि अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को वहां हुई तबाही और तस्स्वीरें दिखाई गईं, तो उनका दिल भर आया था और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे।
खुफिया अधिकारी द्वारा दिखाई गई थी घटना के बाद की स्थिति की फिल्म, दर्द और पछतावे से भर गया था इंदिरा गांधी का मन
किताब के पन्नों में इस घटना का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है, “घटना के लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बाद, एक खुफिया अधिकारी ने इंदिरा जी को ऑपरेशन के बाद के हालात पर बनी एक फिल्म दिखाई थी।” उस वीडियो या फुटेज में जमीन पर बिखरी लाशें (जिनमें जरनैल सिंह भिंडरावाले का शव भी शामिल था, जो इस खूनी संघर्ष में मारा गया था), स्वर्ण मंदिर की किलेबंदी, जमीन के नीचे बनाए गए गुप्त जाल और बंकर (जहां से सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं) तथा भारी मात्रा में रखे गए रॉकेट लॉन्चर और आधुनिक हथियार साफ तौर पर दिखाई दे रहे थे। सोनिया ने आगे लिखा, “मैं उस वक्त उनका (इंदिरा जी) चेहरा साफ देख सकती थी, जो आंसुओं से भीगा हुआ था— वह दर्द और पछतावे के आंसू थे। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि वह इस घेराबंदी के अंत होने के तरीके और वहां मारे गए लोगों की भारी संख्या को लेकर बेहद आहत और दुखी थीं।”
स्वर्ण मंदिर में क्यों चलाना पड़ा था ऑपरेशन ब्लू स्टार, सिखों की नाराजगी और उसके बाद के घटनाक्रम का भी किया गया है उल्लेख
इतिहास के पन्नों के अनुसार, जून 1984 के पहले सप्ताह में पंजाब के अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को अंजाम देना पड़ा था, क्योंकि खालिस्तान की मांग करने वाले उग्रवादी नेता जरनैल सिंह भिंडरावाले और उसके कई सशस्त्र समर्थक भारी हथियारों के साथ वहां घुसपैठ कर चुके थे। इस पवित्र स्थल को अलगाववादियों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए सरकार को सैन्य कार्रवाई का कड़ा कदम उठाना पड़ा था। हालांकि, इस सैन्य अभियान के कारण सिख समुदाय के भीतर गहरी नाराजगी फैल गई थी, जिसका परिणाम यह हुआ कि उसी वर्ष 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके ही सिख अंगरक्षकों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद देश भर में दुखद सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे।
दंगों की जांच, विभिन्न आयोगों और 526 पृष्ठों वाली इस आत्मकथा के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर एक नजर
अपनी इस किताब में सोनिया गांधी ने आगे लिखा है कि उस दौर में और उसके बाद आने वाली विभिन्न कांग्रेस व गैर-कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में इन हिंसक घटनाओं की जांच के लिए कई आयोग गठित किए गए थे। हिंसा भड़काने या उसमें शामिल होने के आरोपों के तहत कई लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए, जिनमें कुछ कांग्रेस से जुड़े लोग भी शामिल थे। पुलिस थानों में दर्ज मुकदमों में से कुछ मामलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी भी हुई थी। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित 526 पृष्ठों की इस वृहद आत्मकथा में सोनिया ने अपने शुरुआती जीवन, युद्धोत्तर इटली में बिताए बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में विवाह, आपातकाल के दौर, पति राजीव गांधी के दुखद निधन, देवरानी मेनका गांधी के साथ रिश्तों की उथल-पुथल और राजनीति में अपने प्रवेश जैसे कई अनछुए पहलुओं को बेहद सजीले ढंग से समेटा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.