देवास : सोने के साथ चांदी के भाव इस कदर आसमान छू रहे हैं, कि चांदी से जुड़े अपराध भी बढ़ने लगे हैं. ताजा मामला देवास से सामने आया है, जहां बड़ी तादाद में नकली चांदी के सिक्कों को असली बताकर गिरवी रखने का मामला सामने आया है. शहर के सिटी कोतवाली पुलिस थाने ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली चांदी के सिक्कों के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है.
नकली चांदी रखकर उधार लेते थे पैसा
इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए देवास एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया, ” फरियादी अमरिश चौधरी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी कंचन ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है, जहां तोसिफ पिता अबरार खान दुकान पर आया और 50 चांदी के सिक्के गिरवी रखकर 55 हजार रु उधार थी. जब सिक्कों की बारीकी से जांच की गई तो सभी 50 सिक्के नकली पाए गए. जिसपर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने इस गिरोह के चार आदतन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में नकली चांदी के सिक्के बरामद किए हैं.
153 नकली चांदी के सिक्के जब्त, 4 गिरफ्तार
एसपी पुनीत गेहलोद ने मीडिया को बताया, ” आरोपियों द्वारा लोगों को असली चांदी के सिक्के बताकर उन्हें गिरवी रखा जाता था और इसके बदले में मोटी रकम ली जाती थी. इसी तरह की वारदात में आरोपियों ने एक व्यक्ति से 55 हजार रु की धोखाधड़ी की. शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 153 नकली चांदी के सिक्के जब्त किए गए हैं.”
पुलिस की सलाह-सतर्क रहें ज्वेलर्स
पुलिस के अनुसार यह सिक्के दिखने में हुबहू असली चांदी के सिक्कों जैसे लगते और दिखते हैं, जिससे आम लोग आसानी से इस गिरोह के झांसे में आ जाते थे. SP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे और भी मामलों का खुलासा हो सकता है. पुलिस ने इसके साथ ही ज्वैलर्स को और सोना-चांदी खरीदते वक्त संदिग्ध मामलों में ज्यादा सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.