देवघर में एसपी ने की पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक, सक्रिय अपराधी, भू-माफिया और नशा कारोबारियों पर कार्रवाई के निर्देश
देवघर: सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जिले के पुलिस कप्तान लगातार अपने पदाधिकारी के साथ बैठक कर रहे हैं. शुक्रवार को भी देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरव ने जिले के तमाम डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. जिसमें घटना की अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर करना, अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था का उचित संचालन कैसे सुनिश्चित हो, इसे लेकर समीक्षा की गई.
देवघर में सभी प्रकार के सक्रिय अपराधी, नशा कारोबारी और भू-माफिया जैसे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखें और कहीं भी यदि विधि व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का संदेह होता है तो संबंधित थाना प्रभारी तुरंत ही उचित कार्रवाई करें: सौरव, एसपी
अपराध की वास्तविकता तक पहुंचने के लिए अनुसंधान सबसे अहम: एसपी
एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी घटित अपराध की वास्तविकता तक पहुंचने के लिए अनुसंधान सबसे अहम है. इसीलिए देवघर पुलिस के सभी पदाधिकारी और पुलिस कर्मियों को एफएसएल की स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है ताकि किसी भी आपराधिक घटना की बारीकी से जांच की जा सके.
ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस की पैनी नजर
वहीं देवघर एसपी ने बताया कि नववर्ष में देवघर में हजारों की संख्या में सैलानी घूमने आते हैं और बिहार से भी लोग यहां पर नया साल मनाने पहुंचते हैं. ऐसे में ड्रंक एंड ड्राइव को लेकर यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. ड्रंक एंड ड्राइव की प्रतिदिन जांच का आदेश दिया गया है ताकि नव वर्ष में सड़क हादसे जैसी घटनाओं को भी नियंत्रित किया जा सके. इसके अलावा नववर्ष में मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ के लिए भी पुलिस प्रशासन की तैनाती कैसे मजबूत रखी जाए? इस पर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई.
देवघर में नववर्ष के मौके पर आते हैं लाखों पर्यटक
वहीं पिछले एक महीने में पुलिसकर्मियों द्वारा किन-किन घटनाओं में क्या कुछ काम किया गया है, इसकी भी जानकारी एसपी सौरभ ने सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी से ली. गौरतलब है कि देवघर में पूरे देश से लोग घूमने आते हैं. ऐसे में यहां पर पर्यटकों की सुरक्षा, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है. इसलिए देवघर एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए अपराध नियंत्रण गोष्ठी की बैठक की.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.