देवास के कराड़िया परी गांव में मिला सातवीं के छात्र का शव, शरीर पर मिले चोट के निशान से हत्या की आशंका
सोनकच्छ (देवास)। सोनकच्छ थाना क्षेत्र के ग्राम कराड़िया परी में शनिवार रात एक बच्चे का शव हार्वेस्टर मशीन के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे के चेहरे, हाथ, गले पर चोट के निशान मिले हैं, प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों सहित देवास से एएसपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है।
उधर रविवार सुबह सिविल स्पताल सोनकच्छ में समय पर पीएम नहीं होने के कारण लोग आक्रोशित हो गए और जमकर नारेबाजी की। पीएम रूम के बाहर ही लोगों ने धरना दिया और बीएमओ को हटाने की मांग की।
चेहरे पर भी चोट के निशान
जानकारी के अनुसार कराड़िया परी निवासी 13 वर्षीय वेदांश पुत्र अरविंद सिंह झाला शनिवार शाम को अपने घर में गणेशजी का पूजन करने के बाद गांव के सार्वजनिक गणेश पंडाल में जाने के लिए निकला था। जब वो काफी देर तक नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव गांव में ही एक जगह हार्वेस्टर मशीन के नीचे पड़ा मिला। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे।
स्वजन सदमे में हैं
शव मिलने की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे, थाना प्रभारी आशीष राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। बाद में एएसपी देवास सिटी जयवीर सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है। बालक वेदांश कक्षा सातवीं में पढ़ता था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है घटना के बाद स्वजन सदमे में हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.