एडीएम डॉ. श्रीवास्तव ने सोयतकलां में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया, राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आगर-मालवा,10 अगस्त को जिले में लगातार वर्षा के कारण सोयतकलां क्षेत्र में निर्मित जलभराव की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने आपदा प्रबंधन टीम के साथ जल भराव क्षेत्र में घरों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने अस्थाई राहत शिविर स्थल का अवलोकन कर वहां आपदा प्रभावितों के लिए आवासीय, भोजन, नाश्ता एवं आश्रय की व्यवस्थाओं का भी मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस मौके पर एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी देवनारायण यादव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय सहित अन्य अधिकारी व आपदा प्रबंधन टीम के सदस्य उपस्थित थे।
इस दौरान एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने प्रभावित परिवारों से चर्चा कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने हेतु समझाइश दी। साथ ही राहत शिविरों में भोजन एवं रुकने की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर, राहत एवं बचाव के कार्य किए जा रहे है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।