Haryana Women’s Day 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के लिए की बड़ी घोषणाएं, पेंशन और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा सीधा लाभ
सिरसा: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म के हरियाणा अध्याय का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म उन बहनों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा जो अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं। इस मंच के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप की संख्या बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप को 61 प्रतिशत तक बढ़ाने में कारगर सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार उन उद्योगों को भी सब्सिडी प्रदान करेगी जो महिलाओं को रोजगार देने के लिए आगे आएंगे। उनका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और समाज के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 9.21 लाख लाभार्थियों को 294.91 करोड़ रुपये की राशि वितरित की। इसके साथ ही दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 200.77 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। वहीं हर घर गृहणी योजना के तहत 20.21 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी घोषणा की कि प्रदेश में 4 हजार नए राशन डिपो खोले जाएंगे, जिनमें से 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं को दिए जाएंगे। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कामकाजी महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए विस्तृत क्रेच नीति तैयार की है। वर्तमान में प्रदेश में 845 क्रेच चल रहे हैं और करीब 4 हजार प्ले-वे स्कूल भी खोले गए हैं, ताकि कामकाजी महिलाएं निश्चिंत होकर अपने कार्य कर सकें। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बजट में पिंक कैब योजना का भी प्रावधान किया गया है, जिसके तहत महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी सरकार गंभीर है और कई स्वास्थ्य योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से बचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और प्रदेश के विकास की असली नींव है और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास करती रहेगी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.