फोन पर ‘गंदी बात’ और सरेआम पिटाई! पति-ससुर को पीटने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
कबीरधाम: महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए शख्स पर आरोप है कि वो महिला को उसके फोन पर कॉल कर परेशान करता था. फोन कर आरोपी महिला से भद्दी-भद्दी बातें भी बोलता था. महिला ने जब आरोपी का विरोध किया तो आरोपी ने महिला के पति और ससुर की पिटाई कर दी. थक हारकर महिला अपने परिजनों के साथ एसपी के पास पहुंची. परिवार ने एसपी ने घटना की शिकायत की. जिसके बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया.
फोन पर महिला से करता था भद्दी-भद्दी बातें
पीड़िता ने थाने में दर्ज अपनी शिकायत में कहा, आरोपी लंबे वक्त से उसे फोन पर परेशान कर रहा था. फोन पर आरोपी जबरन अपने प्यार का इजहार करता और उसे भद्दी-भद्दी बातें किया करता. जब वो इस बात का विरोध करती तो आरोपी उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता. पीड़ित परिवार ने इस बात की शिकायत अपने निकटतम थाने में भी दर्ज कराई. पीड़ित का आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आरोपी पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई.
एसपी दफ्तर में महिला ने की शिकायत, हुई तगड़ी कार्रवाई
होली के दिन जब पीड़िता घर पर अकेली थी तो आरोपी जबरन उसके घर में घुस गया. आरोपी ने महिला के साथ बदतमीजी की कोशिश की. महिला खुद को बचाने के लिए घर से बाहर भागकर निकली. आरोपी ने सड़क पर भी महिला का पीछा किया. इस दौरान किसी ने भी पीड़ित महिला की मदद नहीं की. न ही आरोपी को पकड़ने और समझाने की जहमत उठाई. इसी बीच महिला का पति और ससुर मौके पर पहुंचे. दोनों ने जब आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने पति और ससुर की पिटाई कर दी. आरोपी की ओर से की गई मारपीट में महिला के पति और ससुर को चोटें आई हैं. गुरुवार को महिला अपने पति के साथ परिवार न्याय की मांग को लेकर एसपी दफ्तर पहुंची. मौके पर मौजूद डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने उनकी शिकायत सुनी. डीएसपी ने कड़ी से कड़ी कार्रवाई का भरोसा परिवार को दिया. जिसके बाद परिवार वापस अपने घर लौटा.
डीएसपी ने क्या कहा ?
डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने पीड़िता कहा कि वो निश्चिंत होकर अपने घर जाएं. पुलिस अपना काम मुस्तैदी के साथ करेगी. परिवार के जाते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है. आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया.
पीड़ित इन बातों का रखें ध्यान
- बिना डरे आरोपी की शिकायत थाने में करें
- पीड़ित जब डरता है तो आरोपी की हिम्मत बढ़ती है
- डरने के बजाए आस-पास के लोगों से मदद मांगें
- थाने में शिकायत करने के बाद उसकी पावती जरूर लें
- थाना स्तर पर जब शिकायत नहीं सुनी जाए, तो एसपी या डीएसपी से मिलें
- आरोपी के बारे में शिकायत में विस्तार से बताएं
- महिलाओं के लिए काम करने वाली संस्था से भी मदद मांगें
- महिला आयोग से भी शिकायत कर सकती हैं
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.