गुड़गांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले दिल्ली के दो शातिर चोर गिरफ्तार
गुड़गांव: अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दिल्ली के दो शातिर बदमाशों को सेक्टर-65 थाना पुलिस ने दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी शाम के वक्त स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली से गुड़गांव आते थे और रेस्टोरेंट तथा बाजारों के पास सुनसान जगहों पर खड़ी महंगी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। शीशे तोड़कर चोरी किए गए सामान को वे दिल्ली के एक स्थानीय बाजार में बेच देते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दक्ष उर्फ नोनी (उम्र 24 वर्ष) और राजेश उर्फ रोहन उर्फ चाची (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों मदनगीर, थाना अंबेडकर नगर, दिल्ली के रहने वाले हैं।
वारदात को अंजाम देने का तरीका और आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी शाम ढलते ही अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी या कार से गुड़गांव पहुँचते थे। ये लोग मॉल, मार्केट और रेस्टोरेंट के आसपास अंधेरे या सुनसान इलाकों में खड़ी लग्जरी गाड़ियों की रेकी करते थे। इनमें से एक आरोपी आसपास पहरा देता था, जबकि दूसरा किसी भारी औजार या कोहनी से गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर रखे बैग व कीमती सामान चुरा लेता था। चोरी किए गए सोने के जेवरात और अन्य सामान को दिल्ली में औने-पौने दामों पर बेचकर वे मौज-मस्ती करते थे। पुलिस छानबीन में सामने आया है कि आरोपी राजेश उर्फ रोहन के खिलाफ राजधानी दिल्ली में चोरी का एक आपराधिक मामला पहले से ही दर्ज है।
पुलिस ने स्कूटी, अर्टिगा कार और शीशा तोड़ने के उपकरण सहित कई सामान किए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी, एक अर्टिगा कार, तीन मोबाइल फोन तथा गाड़ी का शीशा तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला एक विशेष औजार बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उनसे चोरी किए गए अन्य सामान की बरामदगी और इस तरह की अन्य वारदातों के बारे में गहराई से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुँचा जा सके।
बंजारा मार्केट के पास इनोवा कार का शीशा तोड़कर चुराया था नगदी व दस्तावेज से भरा बैग
गौरतलब है कि गत 4 नवंबर को सेक्टर-65 थाना पुलिस को एक स्थानीय नागरिक ने शिकायत दी थी कि उसने 1 नवंबर को अपनी टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस गाड़ी सेक्टर-56 स्थित बंजारा मार्केट के पास एक रेस्टोरेंट के नजदीक खड़ी की थी। जब वह वापस लौटा तो उसकी गाड़ी के पीछे के दरवाजे का शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर रखा बैग गायब था। उस बैग में करीब 75,000 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, मूल पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। इसी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों शातिर आरोपियों को दिल्ली से धर दबोचा है। फिलहाल मामले की आगे की जाँच जारी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.