कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के अंतर्गत आने वाले बाकल गाँव के सरपंच और पूंडरी सरपंच एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र सिंह को हाल ही में एक विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने और दो दिन के भीतर पद छोड़ने का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद, रविवार को गाँव की रोर समाज धर्मशाला में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया।
करीब 30 गाँवों के प्रतिनिधि और आरोपी युवकों के परिजन हुए शामिल
इस महापंचायत में आसपास के लगभग 30 गाँवों के सरपंच, बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही, धमकी देने वाले युवकों के परिवार के बुजुर्ग भी पंचायत में पहुँचे। लगभग दो घंटे तक चली इस बैठक में दोनों पक्षों की बातों को विस्तार से सुना गया और आपसी विचार-विमर्श के बाद इस संवेदनशील मामले को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया।
आरोपी पक्ष के बुजुर्गों ने माँगी माफी, सरपंच नरेंद्र सिंह ने माफ किया
पंचायत के दौरान आरोपी युवकों के परिवार के बुजुर्गों ने हाथ जोड़कर सभी ग्रामीणों और सरपंच नरेंद्र सिंह के समक्ष अपनी गलती के लिए क्षमा याचना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में उनके लड़कों द्वारा ऐसी किसी भी आपत्तिजनक हरकत को दोहराया नहीं जाएगा। सामाजिक भाईचारे और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील को ध्यान में रखते हुए पंचायत ने दोनों युवकों को माफ करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि यदि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा होती है, तो परिवार उनका पक्ष नहीं लेगा। महापंचायत के अध्यक्ष मलखान फौजी के अनुरोध पर सरपंच नरेंद्र सिंह ने दोनों युवकों को माफ कर दिया।
अमरीकी नंबर से मिली थी धमकी, पूंडरी थाने में दर्ज कराई गई थी शिकायत
गौरतलब है कि पीड़ित सरपंच नरेंद्र सिंह को उनके मोबाइल फोन पर अमेरिका के एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को एस.के. बाबा ग्रुप से जुड़ा बताते हुए हत्या की सुपारी मिलने का दावा किया था और दो दिन के भीतर बाकल की सरपंची छोड़ने की चेतावनी दी थी। इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद सरपंच नरेंद्र सिंह ने पूंडरी थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर उच्चस्तरीय जाँच कराने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की माँग की थी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.