बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के ऐतिहासिक जोहड़ी गांव में रविवार (15 नवंबर) को एक बेहद अनूठा और हैरान कर देने वाला आयोजन देखने को मिला। आमतौर पर किसी व्यक्ति के निधन के उपरांत उसकी तेरहवीं (मृत्यु भोज) की रस्म अदा की जाती है, लेकिन यहाँ के 80 वर्षीय चौधरी बलजोर सिंह ने सदियों पुरानी इस प्रथा को बदलते हुए जीवित रहते हुए ही अपनी तेरहवीं का भव्य आयोजन करवाकर सबको चौंका दिया। इस अनोखे भोज में करीब 900 ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने शिरकत की। सबसे खास बात यह रही कि खुद बलजोर सिंह इस पूरे कार्यक्रम के दौरान मेहमानों के बीच मौजूद रहे और मुस्कुराते हुए सबका स्वागत किया। इस विशिष्ट आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्णपाल (केपी मलिक) ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर अपनी शुभकामनाएं दीं।
विधि-विधान से हुआ हवन, घर के आंगन में तैयार किए गए स्वादिष्ट पकवान
रविवार की सुबह जोहड़ी गांव स्थित बलजोर सिंह के आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन संपन्न हुआ। घर के आंगन में हलवाइयों ने बड़े-बड़े कड़ाह चढ़ाकर पूड़ी, रायता, विभिन्न प्रकार की सब्जियां और स्वादिष्ट लड्डुओं समेत कई पकवान तैयार किए। दोपहर के वक्त करीब 900 लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। अमूमन तेरहवीं के आयोजनों में शोक और उदासी का माहौल होता है, लेकिन यहाँ बलजोर सिंह ने खुद अपने सगे-संबोधियों और परिचितों का स्वागत किया और उनके साथ बैठकर आनंदपूर्वक भोजन किया।
जीवित रहते हुए नाती को सौंपी पगड़ी, परिवार की अगली पीढ़ी को सौंपी जिम्मेदारी
सनातन परंपरा के अनुसार, परिवार के मुखिया के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी को पगड़ी बांधने की रस्म निभाई जाती है। परंतु, बलजोर सिंह ने अपनी मौजूदगी में ही इस परंपरा को निभाते हुए अपनी पगड़ी अपने नाती मुकुल के सिर पर रख दी और परिवार की बागडोर अगली पीढ़ी के हाथों में सौंप दी। ज्ञात हो कि बलजोर सिंह के परिवार में उनकी पुत्री पिंकी, दामाद सुखपाल, तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया।
क्यों लिया बुजुर्ग ने जीवित रहते तेरहवीं कराने का अनूठा फैसला?
कनक सिंह के पुत्र बलजोर सिंह का इस संबंध में कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लोगों के साथ मधुर संबंध बनाते हुए बिताया है और वे जीवनभर दूसरों के निमंत्रण पर विभिन्न भोजों व आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। उनकी दिली तमन्ना थी कि वे अपने जीवनकाल में ही अपने सभी प्रियजनों, परिचितों और समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्र करें और उनके साथ बैठकर भोजन का आनंद लें। उनके परिवार ने भी उनकी इस अनूठी भावना का पूर्ण सम्मान करते हुए इस भव्य आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
राज्यमंत्री केपी मलिक ने की शिरकत, पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना आयोजन
इस अनूठी सामाजिक पहल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, ग्राम प्रधान सोहनपाल और तमाम गणमान्य लोग एकत्रित हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री केपी मलिक ने भी मौके पर पहुँचकर बलजोर सिंह से मुलाकात की और उनके दीर्घायु होने की कामना की। बलजोर सिंह की इस साहसी और अनूठी पहल ने न केवल बागपत बल्कि आसपास के संपूर्ण क्षेत्र में एक नई और सकारात्मक सामाजिक चर्चा छेड़ दी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.