चंडीगढ़: कांग्रेस पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों राजनीतिक हलकों में मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस पुस्तक में हरियाणा की वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है, जो अब हरियाणा सहित राष्ट्रीय राजनीति में भी चर्चा का एक बड़ा विषय बन गया है। इस संस्मरण में सोनिया गांधी ने सैलजा के साथ अपने बेहद आत्मीय संबंधों, संगठनात्मक अभियानों के दौरान उनके सहयोग तथा देश के विभिन्न राज्यों में की गई राजनीतिक यात्राओं के अपने संस्मरणों को बहुत ही खूबसूरती से साझा किया है। आत्मकथा में सैलजा को सिर्फ एक सामान्य राजनीतिक सहयोगी के तौर पर नहीं, बल्कि व्यस्त और कठिन राजनीतिक दौर में साया बनकर साथ निभाने वाली एक ऐसी भरोसेमंद साथी के रूप में याद किया गया है, जिनकी उपस्थिति उन्हें मानसिक संबल और सहजता प्रदान करती थी।
544 पृष्ठों और सात अध्यायों में बंटी इस पुस्तक के छठे अध्याय में है सैलजा का जिक्र, देशभर के दौरों में साथ रहती थीं कुमारी सैलजा
कुल 544 पन्नों और सात प्रमुख अध्यायों में विभाजित इस आत्मकथा के छठे अध्याय, जिसका शीर्षक ‘लीडिंग द कांग्रेस पार्टी’ है, के पृष्ठ संख्या 413 पर सोनिया गांधी ने कुमारी सैलजा के योगदान को रेखांकित किया है। उन्होंने उस दौर को याद किया है जब कांग्रेस संगठन को पुनर्जीवित करने और देश के कोने-कोने तक पार्टी की गतिविधियों को रफ्तार देने के लिए उन्होंने लगातार व्यापक यात्राएं शुरू की थीं। उत्तर, मध्य से लेकर दक्षिण भारत तक के विभिन्न राज्यों के इन दौरों में कुमारी सैलजा अक्सर उनके साथ साए की तरह मौजूद रहती थीं। सोनिया गांधी के इन संस्मरणों से यह साफ झलकता है कि दोनों नेताओं के बीच केवल पेशेवर राजनीतिक रिश्ते ही नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और व्यक्तिगत आत्मीयता का एक मजबूत बंधन भी रहा है।
थकाऊ और व्यस्त राजनीतिक दौरों के बीच सैलजा बनीं एक भरोसेमंद और मददगार साथी, बचपन और पारिवारिक पृष्ठभूमि पर भी हुई चर्चा
पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है कि कुमारी सैलजा के साथ सफर करना उनके लिए हमेशा एक सुखद और राहत भरा अनुभव रहता था। वह हर परिस्थिति में उनका हौसला बनाए रखती थीं और एक सच्ची सहयोगी की भूमिका निभाती थीं। सोनिया गांधी को सैलजा के बचपन के दिनों, उनके पारिवारिक परिवेश और हरियाणा के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से जुड़े अनुभवों के बारे में सुनना भी काफी अच्छा लगता था। आत्मकथा में उस दौर का भी जिक्र है जब कांग्रेस की कमान संभालने के बाद सोनिया गांधी को उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे कई राज्यों का लगातार दौरा करना पड़ता था। संसद सत्र या दिल्ली आवास के अनिवार्य कार्यों के कारण उन्हें हर तीसरे-चौथे दिन वापस लौटना होता था, और ऐसे में सैलजा का साथ उनके लिए बड़ी मानसिक राहत साबित होता था। उस समय सैलजा अंबाला से सांसद होने के साथ-साथ केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी थीं।
स्थानीय नेताओं की राय को महत्व देने की कार्यशैली और बीमारी के समय सैलजा द्वारा दिए गए व्यक्तिगत सहयोग का भी किया गया है जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी इस पुस्तक में देश के विभिन्न हिस्सों के दौरे के दौरान स्थानीय कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बैठकों का भी विस्तार से वर्णन किया है। उन्होंने बताया है कि दिनभर की लंबी यात्रा के बाद जब वे किसी गंतव्य पर पहुंचती थीं, तो भोजन और अल्प विश्राम के पश्चात स्थानीय प्रतिनिधियों से मुलाकात कर वहां की राजनीतिक नब्ज टटोलती थीं। इसके अलावा, कांग्रेस हलकों में यह संस्मरण भी बेहद खास माना जाता है कि जब एक बार सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, तब कुमारी सैलजा ने अस्पताल ले जाने में उनका हाथ थामकर व्यक्तिगत रूप से भरपूर सहयोग किया था। यह घटना दोनों के बीच के संवेदनशील और अटूट रिश्ते को दर्शाती है।
कुमारी सैलजा ने पुस्तक को बताया भावनात्मक और ऐतिहासिक दस्तावेज, सोनिया गांधी के त्याग और संघर्ष को किया नदमन
इस महत्वपूर्ण आत्मकथा के विमोचन के अवसर पर कुमारी सैलजा ने भी सोनिया गांधी के साथ बिताए गए उन पुराने दिनों और उनके राजनीतिक संघर्षों को भावुकता के साथ याद किया। उन्होंने इस पुस्तक को एक ‘भावनात्मक और ऐतिहासिक दस्तावेज’ करार देते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य था कि उन्हें कुछ समय तक सोनिया गांधी के बेहद करीब रहकर काम करने का मौका मिला। सैलजा ने 2004 में सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद न स्वीकार करने के ऐतिहासिक निर्णय को याद करते हुए कहा कि वह पल पूरी पार्टी के लिए काफी भावुक कर देने वाला था। उन्होंने कहा कि इस संस्मरण से देश के राजनीतिक इतिहास के कई अनछुए पहलुओं को गहराई से समझने का अवसर मिलता है, जो हरियाणा की राजनीति और गांधी परिवार के पुराने रिश्तों का एक अनमोल दस्तावेज बन चुका है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.