चंडीगढ़ में 900 करोड़ के हेरिटेज मैनहोल कवर चोरी होने पर एडवोकेट अजय जग्गा ने प्रशासक को लिखा पत्र, सुरक्षा के लिए दिए कड़े सुझाव
चंडीगढ़: केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आधुनिक वास्तुकला के जनक ली कार्बूजिए और उनकी टीम द्वारा तैयार किए गए ऐतिहासिक हेरिटेज मैनहोल कवर की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस गंभीर मसले पर संज्ञान लेते हुए एडवोकेट अजय जग्गा ने प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को एक विस्तृत पत्र प्रेषित कर तत्काल और कड़े हस्तक्षेप की मांग उठाई है। उन्होंने इन बेशकीमती और ऐतिहासिक कवर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इनमें आधुनिक आरएफआइडी (RFID) चिप लगाने, प्रत्येक कवर की डिजिटल पहचान स्थापित करने तथा इनकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। इसके साथ ही, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 900 करोड़ रुपये से अधिक होने का अंदेशा जताया गया है।
शहर के विभिन्न सेक्टरों से हो रही है हेरिटेज कवर की चोरी, नगर निगम द्वारा पुलिस में दर्ज कराई जा चुकी हैं कई शिकायतें
पत्र में एडवोकेट अजय जग्गा ने इस बात का विशेष उल्लेख किया है कि सेक्टर-45 और सेक्टर-46 सहित शहर के कई अन्य हिस्सों से लगातार हेरिटेज मैनहोल कवर चोरी होने के मामले सामने आ रहे हैं। इस संबंध में नगर निगम के संबंधित सब डिवीजनल इंजीनियर (SDE) द्वारा स्थानीय पुलिस थानों में कम से कम छह औपचारिक शिकायतें भी दर्ज करवाई जा चुकी हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कला बाजार और नीलामी घरों में एक ऐतिहासिक मैनहोल कवर की कीमत 15 लाख से लेकर 30 लाख रुपये तक मिलने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते तस्करों और चोरों की नजर इन अनमोल धरोहरों पर टिकी हुई है।
करीब 3000 हेरिटेज कवर का तैयार हो वैज्ञानिक रिकॉर्ड, डिजिटल मैपिंग और आरएफआइडी चिप से हो निगरानी
अजय जग्गा ने जानकारी देते हुए बताया कि चंडीगढ़ हेरिटेज आइटम प्रोटेक्शन सेल की बैठकों में यह तथ्य सामने आया था कि नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आज भी लगभग 3000 ऐसे हेरिटेज मैनहोल कवर मौजूद हैं। यदि प्रति कवर की सांकेतिक कीमत 30 लाख रुपये भी आंकी जाए, तो इनकी कुल बाजार कीमत 900 करोड़ रुपये बैठती है। हालांकि, उनका यह भी कहना है कि इनका वास्तविक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व किसी भी आर्थिक मूल्यांकन से कहीं अधिक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी कवर का सेक्टरवार भौतिक सत्यापन किया जाए, उनकी फोटोग्राफी, आकार, स्थिति और लोकेशन का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाए तथा प्रत्येक को एक यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर दिया जाए। साथ ही, इनकी सुरक्षा के लिए आरएफआइडी चिप और जियो-टैगिंग की तकनीक अपनाई जाए।
मूल कवर को सुरक्षित संग्रहालयों में संरक्षित करने और चोरी के मामलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच करवाने का सुझाव
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि जिन स्थानों पर तकनीकी रूप से संभव हो, वहां से मूल ऐतिहासिक कवर हटाकर उनकी जगह आधुनिक मैनहोल कवर स्थापित किए जाएं, और उन मूल हेरिटेज कवर को विशेषज्ञों की कड़ी निगरानी में किसी सुरक्षित संग्रहालय या हेरिटेज रिपोजिटरी में संरक्षित रखा जाए। इसके अलावा, चोरी के सभी मामलों में गहन पुलिस जांच, सीसीटीवी फुटेज की बारिकी से पड़ताल करने तथा अंतरराष्ट्रीय नीलामी घरों और संभावित तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने की भी पुरजोर मांग की गई है।
एंटीक्विटीज एंड आर्ट ट्रेजर्स एक्ट के तहत आर्ट ट्रेजर घोषित करवाने की उठी मांग, एसओपी बनाने का भी सुझाव
एक बेहद अहम नीतिगत सुझाव देते हुए अजय जग्गा ने मांग की है कि इन ऐतिहासिक मैनहोल कवर को ‘एंटीक्विटीज एंड आर्ट ट्रेजर्स एक्ट’ के दायरे में लाकर ‘आर्ट ट्रेजर’ (कला खजाना) घोषित करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से संबंधित अधिनियम की धारा 2(बी) के तहत आधिकारिक राजपत्र (Gazette) अधिसूचना जारी करवाने का प्रस्ताव तैयार किया जाना चाहिए, जिससे इन कलात्मक धरोहरों को पुख्ता कानूनी संरक्षण मिल सके। उन्होंने हेरिटेज आइटम प्रोटेक्शन सेल को और अधिक सशक्त बनाने, एक वरिष्ठ नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने तथा नगर निगम, पुलिस और संस्कृति विभाग के बीच बेहतर तालमेल बिठाने की बात कही है। प्रधानमंत्री के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण के अनुरूप शहर की इस अनमोल स्थापत्य विरासत को बचाने के लिए प्रशासन को समय रहते कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.