Ludhiana School Crime News: लुधियाना के निजी स्कूल में शर्मनाक हरकत, प्यून ने 16 साल की छात्रा से की जबरदस्ती
लुधियाना के एक निजी स्कूल से बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, स्कूल के प्यून द्वारा 16 साल की एक छात्रा के साथ जबरदस्ती की गई है. इस घटना को लेकर एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आई है, जिसमें प्यून लड़की को पकड़कर उसे जबरन किस करता हुआ साफ नजर आ रहा है. आरोपी प्यून की पहचान बस्ती जोधेवाल के रहने वाले प्रिंस पाल के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी प्यून के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, और अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
📹 क्लासेज के दौरान टीचर के ऑफिस में दिया वारदात को अंजाम, वीडियो बनाकर दोस्तों को दिखाने का आरोप
पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार, छात्रा किसी काम से क्लास टीचर के ऑफिस में किताब लेने गई थी. इसी दौरान प्यून ने उसे अकेला देखकर जबरन किस किया और गलत तरीके से छुआ. घटना की सीसीटीवी फुटेज में छात्रा किताब निकालती हुई दिखाई दे रही है, जिसे देखकर प्यून वहां पहुंचता है और उसे पीछे से दबोचकर गलत हरकत करता है. इस दौरान छात्रा खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने की पूरी कोशिश करती है और किसी तरह वहां से बाहर निकलती है. पीड़िता का यह भी गंभीर आरोप है कि आरोपी प्यून ने इस घिनौनी हरकत का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था और उसे अपने दोस्तों को भी दिखाया था. फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.