Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने ससुराल के दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजवाड़ा डीह गाँव से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ 19 वर्षीय नवविवाहिता गुंजा कुमारी का शव उसके कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। मृतका के गले पर गहरे निशान पाए जाने से उसकी हत्या किए जाने की आशंका गहरी हो गई है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर ताला बंद करके फरार हो गए। न्याय की गुहार लगाते हुए आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे के सामने ही शव का दाह संस्कार कर दिया। पुलिस ने मृतका के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। मृतका गुंजा कुमारी मुजफ्फरपुर के कांटी निवासी रंजीत पासवान की पुत्री थीं। गुंजा की शादी इसी साल 23 जनवरी को रजवाड़ा डीह निवासी कुंदन कुमार के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद से ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। मृतका की माँ मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने आरोप लगाया कि वे आगामी धनतेरस के त्योहार पर बेटी को दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी बेरहमी से जान ले ली गई।
🔥 आधी रात मिली मौत की खबर, ससुराल के दरवाजे पर ही जलाया शव
वारदात के बाद ससुराल पक्ष के संदेहास्पद रवैये ने मायके वालों के गुस्से को भड़का दिया। परिजनों को रात करीब 12 बजे स्थानीय वार्ड सदस्य के जरिए इस अनहोनी की जानकारी मिली। मायके वालों का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुँचे, तो ससुराल वाले गुपचुप तरीके से शव को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। मायके पक्ष को आते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर एसकेएमसीएच (SKMCH) में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
-
पति समेत 4 लोगों पर FIR दर्ज: मामले की गंभीरता को देखते हुए मुशहरी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। मृतका के पिता रंजीत पासवान के लिखित आवेदन पर पुलिस ने पति कुंदन कुमार, चंदन पासवान, प्रियंका और सुलेखा के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता ने बताया कि नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
-
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य: घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जाँच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली गई है। मुशहरी थाना के अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार के साथ एफएसएल (FSL) की विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि यह हत्या है या आत्महत्या, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जाँच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.