Rahul Gandhi Press Conference: CEC के खिलाफ प्रदर्शन में NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्रवाई, राहुल गांधी ने कहा- ‘हम यह बर्बरता भूलेंगे नहीं’
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं पर हुई कथित पुलिसिया पिटाई और बर्बरता का मामला अब राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित NSUI कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा, ‘ये बच्चे हिंदुस्तान की आवाज हैं… इस आवाज के सामने कोई खड़ा नहीं हो सकता… हर छात्र इस बर्बरता का वीडियो बनाए… इनको बाद में सजा दिलाई जाएगी।’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान NSUI कार्यकर्ता समर्थ ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे लोग 4 अक्टूबर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और 5 अक्टूबर को उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन ले जाकर वहाब सिंह तोमर नाम के पुलिसकर्मी समेत करीब 20 पुलिसवालों ने उनकी बुरी तरह पिटाई की। इसके बाद उन्हें पिछले रास्ते से निकालकर पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन से दिल्ली कैंट तक कांस्टेबल अंकित कसाना पीटते हुए ले गया। पीड़ित छात्र ने यह भी बताया कि जब उनके साथी धर्मेंद्र को उल्टी महसूस हुई, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें बैग में ही उल्टी करने को कहा।
🦁 राहुल की ‘शेरनी’ ने बयां किया दर्द, महिला कांस्टेबल पर लगाए गंभीर आरोप
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस की मारपीट का शिकार हुई एक महिला प्रदर्शनकारी रितु भराला को ‘शेरनी’ कहकर संबोधित किया। राहुल ने उनका परिचय कराते हुए कहा कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया, लेकिन न तो वह डरीं और न ही उनके मन में किसी के लिए कोई नफरत है।
पीड़ित महिला प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस उन्हें तीन बसों में बैठाकर हिरासत में ले गई थी। बस में चंचल यादव नाम की एक महिला कांस्टेबल भी मौजूद थीं। जब NSUI कार्यकर्ताओं ने बस से उतरकर दोबारा विरोध जताने की कोशिश की, तो महिला कांस्टेबल चंचल यादव ने उनका गला पकड़कर खींचा और धक्का दिया, जिससे वह सीट पर गिर गईं। महिला का आरोप है कि कांस्टेबल ने उनके चेहरे और कान के पास नाखूनों से खरोंच मारी और विरोध करने पर थप्पड़ मारकर अपमानित किया। वहीं, दूसरे कार्यकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि बुला लो अपने नेता को, तुम्हें कोई बचाने नहीं आएगा।
📹 छात्रों से बोले राहुल- ‘वीडियो एविडेंस रखिए, ऊपर से लेकर नीचे तक सबको सजा दिलाएंगे’
छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने अमित शाह और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘अमित शाह जी… ध्यान से देख लीजिए, ये हिंदुस्तान है… यहां न कोई हिंदू है, न मुस्लिम… न पुरुष है, न महिला… न कोई जाति है… यहां सिर्फ एक आवाज है, एक प्रोटेस्ट है।’ उन्होंने सभी युवाओं से अपील की कि वे पुलिस बर्बरता के सारे वीडियो एविडेंस सुरक्षित रखें। राहुल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब यह मामला खत्म होगा, तब इन सबूतों का इस्तेमाल किया जाएगा और ऊपर से लेकर नीचे तक सबको सजा दिलाई जाएगी, कोई बचेगा नहीं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कानूनी लड़ाई कैसे लड़नी है, FIR कैसे दर्ज करानी है और पुलिस पर दबाव कैसे बनाना है, यह सब कांग्रेस पार्टी संभालेगी। राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस यह बात अच्छी तरह याद रखे कि इस बर्बरता को कभी भुलाया नहीं जाएगा। वहीं, पीड़ित रितु भराला और अन्य छात्रों ने दोटूक कहा कि पुलिस को जितना मारना है मार ले, वे अन्याय के खिलाफ कभी नहीं झुकेंगे, लड़ेंगे और जीतेंगे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.