रोहतक में जुटे हरियाणा के दिग्गज जज! एसोसिएशन की बैठक में न्यायिक सुधारों पर बड़ा मंथन; सर्विस कंडीशन और सुरक्षा पर हुई चर्चा
चंडीगढ़: हरियाणा जज एसोसिएशन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन रोहतक स्थित जिला न्यायालय में किया गया। बैठक में न्यायिक सेवा से जुड़े अनेक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई और हरियाणा के न्यायिक अधिकारियों के सामूहिक मुद्दों के निवारण के लिए रोड मैप तैयार किया गया।
एसोसिएशन के सचिव शेर सिंह ने बताया कि बैठक में न्यायिक अधिकारियों के प्रमोशन, न्यायिक अधिकारियों के लिए हाउसिंग सोसाइटी की स्थापना, न्यायिक अधिकारियों की विभागीय परीक्षा की समाप्ति और न्यायिक अधिकारियों की रिटायरमेंट आयु बढ़ाने समेत सेवा संबंधी अनेक मुद्दों के हल के लिए मंथन किया गया।
इन मुद्दों पर मौजूद पदाधिकारियों ने अपनी अपनी राय रखी और एकमत से फैसला लिया गया कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने व न्यायिक अधिकारियों की सेवा-स्थितियों को सुदृढ़ करने के लिए इन मुद्दों को एसोसिएशन के माध्यम से विभिन्न स्तर पर उठाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता हरियाणा जज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अजय तेवतिया ने की और इस अवसर पर सचिव शेर सिंह, सह सचिव राजविंदर सिंह, कोषाध्यक्ष ऋषभ अग्रवाल व कार्यकारिणी सदस्य परीक्षित व मुनीष चौधरी उपस्थित रहे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.