International Women’s Day 2026: कांग्रेस मुख्यालय में महिला पत्रकारों का भव्य सम्मान, महिला सशक्तिकरण और पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा
रायपुर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग द्वारा मीडिया के क्षेत्र में कार्यरत महिला पत्रकारों का सम्मान किया गया. कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने महिला पत्रकारों को लोकतंत्र की सशक्त आवाज बताते हुए उनके योगदान की सराहना की है. कांग्रेस नेताओं ने शॉल और मोमेंटो भेंट कर महिला पत्रकारों का सम्मान किया.
महिला पत्रकारों का सम्मान, कांग्रेस नेताओं ने किया अभिनंदन
रायपुर के राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहे. इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू और प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला भी मौजूद रहे. सभी नेताओं ने महिला पत्रकारों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पत्रकार मौजूद रहीं.
मीडिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सुखद-भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पहले के समय में प्रिंट मीडिया में बहुत कम महिला पत्रकार दिखाई देती थीं, लेकिन आज बड़ी संख्या में महिलाएं रिपोर्टिंग और एंकरिंग दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं. उन्होंने कहा कि आज की नारी सशक्त हो चुकी है और लोकतंत्र तथा देश के नवनिर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है. कांग्रेस संचार विभाग द्वारा लगातार चार वर्षों से महिला पत्रकारों के सम्मान की परंपरा निभाना सराहनीय पहल है.
“पत्रकारिता में महिलाओं का योगदान प्रेरणादायक”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र महिलाओं के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन महिला पत्रकार इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही हैं. उन्होंने कहा कि पत्रकार आम आदमी की आवाज होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की बड़ी भूमिका है. घर और पेशे के बीच संतुलन बनाते हुए समाज की सेवा करना महिला पत्रकारों की बड़ी उपलब्धि है.
महिला पत्रकार समाज के लिए मिसाल-फूलोदेवी नेताम
राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों को देखना सुखद अनुभव है. उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार अपने परिश्रम और कर्मठता से समाज के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं. खबरों की दुनिया में पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन महिला पत्रकारों ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है.
“नारी सशक्तिकरण का उदाहरण हैं महिला पत्रकार”
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महिला पत्रकार समाज में नारी सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण हैं. उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों की कर्मठता और प्रतिबद्धता समाज के लिए प्रेरणादायक है. कांग्रेस संचार विभाग द्वारा उन्हें सम्मानित करना गर्व की बात है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.