लुधियाना में NRI मैरिज के नाम पर ‘बड़ा खेल’: शादी कर विदेश उड़ गई पत्नी, ससुराल वालों ने दामाद के लाखों डकारे
लुधियाना: विदेश भेजने और जमीन के सौदे के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच के बाद आरोपी ससुर पलविंदर सिंह, सास मनदीप कौर और पत्नी जशनजोत कौर के खिलाफ साजिश रचने और धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना डेहलों की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायत में गुरपिंदर सिंह ने बताया कि कैसे आरोपियों ने हममशवरा होकर पीड़ित को अपनी सोची-समझी साजिश का शिकार बनाया। उसने बताया कि आरोपियों ने अपनी लड़की जशनजोत कौर का विवाह उसके साथ इस शर्त पर किया था कि वे उसे भी विदेश बुला लेंगे। झांसे में आकर उसने अपनी पत्नी को विदेश भेजने का सारा खर्चा खुद उठाया। इतना ही नहीं, ससुरालियों ने अपनी जमीन का सौदा भी पीड़ित के साथ तय किया और उससे मोटी रकम वसूल ली। रकम हासिल करने के बावजूद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं करवाई और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
धोखाधड़ी का सिलसिला यहीं नहीं रुका, जैसे ही जशनजोत कौर विदेश पहुंची, उसने अपने रंग दिखाने शुरू कर दिए। उसने अपने उसे विदेश बुलाने से साफ इनकार कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी साजिश के जरिए आरोपियों ने उससे करीब 23 लाख रुपये ठग लिए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.