रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम में बच्चा चोर गिरोह के शक में एक और मॉब लिंन्चिंग की घटना सामने आई है. घटना बुधवार दोपहर की है. करीब 12.30 बजे रतलाम जिले के महू-नीमच हाईवे पर ग्राम झालरापाड़ा में कार में सवार कुछ लोगों को स्थानीय लोगों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. जिसके बाद मौके पर जमा हुई भीड़ ने कार सवार लोगों को पीट दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोगों ने इन लोगों की बुरी तरह पिटाई कर दी.
कार सवार 6 लोगों को समझा बच्चा चोर
दरअसल, बुधवार दोपहर सिमलावदा गांव के पास झालरापाड़ा में दिल्ली की नंबर प्लेट लगी एक सफेद कार 6 लोग सवार थे. जिन्हें ग्रामीणों ने बच्चा चोर गिरोह समझ लिया. गांव के स्कूल के कुछ बच्चे पैदल जा रहे थे, जिनके पास यह कार रुकी थी. इसी बीच किसी ने कार सवारों को बच्चा चोर समझकर शोर मचाया. जिसे सुनकर कुछ ग्रामीण कार की तरफ दौड़ने लगे. ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख कार सवार तेजी से कार चलाकर भागने लगे.
कुछ बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा कर उन्हें कुछ दूरी पर जाकर रोक लिया. ग्रामीणों ने 4 कार सवार लोगों को पकड़ लिया. जबकि कार से उतरकर 2 लोग भाग गए. इसके बाद वहां जमा हुई भीड़ ने कार सवार लोगों की जमकर पिटाई कर दी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है. जिसमें ग्रामीण महिलाएं भी इन लोगों को पीटते हुए नजर आ रही हैं.
पूछताछ में खुद को इंदौर निवासी बताया
मौके पर पहुंची पुलिस ने भी बड़ी मुश्किल से कर सवार संदिग्ध लोगों को बचाया और उन्हें पुलिस चौकी पर पूछताछ के लिए लाया गया है. सातरुंडा चौकी के प्रभारी लोकेंद्र सिंह डाबर ने बताया कि “उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्रामीणों ने बच्चा चोरी करने वाले संदिग्ध को को पकड़ा है. जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचाया गया और पुलिस चौकी पर लाकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती पूछताछ में कार सवार लोगों ने खुद को इंदौर का निवासी बताया है. जो सांवरिया सेठ के दर्शन करने के बाद वापस इंदौर लौट रहे थे. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.”
एमपी के धार और आगर मालवा में हो चुकी है 2 घटनाएं
बीते एक हफ्ते में ही बच्चा चोर गिरोह के संदेह में भीड़ द्वारा मारपीट किए जाने का मालवा में यह तीसरा घटनाक्रम है. इससे पहले धार के बदनावर थाना क्षेत्र के बखतगढ़ में 5 लोग भिक्षा मांग रहे थे. बच्चा चोरी की आशंका के चलते गांव में अफवाह फैल गई कि बच्चा चोर गिरोह बच्चों को उठाने आया है. ग्रामीणों ने बच्चा चोर गिरोह के शक में 5 संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया. इसके बाद इनकी जमकर पिटाई भी कर दी. ग्रामीणों ने 2 पुरुष और 3 महिला को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था. बाद में बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई थी.
बहरहाल रतलाम में हुई इस घटना के बाद बिलपांक थाना पुलिस पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है. वहीं उनके द्वारा दी गई जानकारी की तस्दीक इंदौर पुलिस से भी कर रही है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.