कटनी : कटनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम 7 बजे मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया. ये हादसा तब हुआ जब मालगाड़ी सेंटिगं कार्य के लिए जा रही थी. इसी दौरान 7 डिब्बों में से एक डिब्बा पटरी से उतर गया. इसके बाद रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया. एनकेजे रेलवे यार्ड से लगे बी केबिन के पास मरम्मत का काम तेज किया गया. इस दौरान रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ.
60 रेल कर्मियों ने मरम्मत कार्य किया
हादसा होते ही 60 रेल कर्मियों और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य में जुट गई. तकनीकी टीम ने पूरी सावधानी के साथ रिकवरी ऑपरेशन शुरू किया, ताकि किसी भी प्रकार का बड़ा नुकसान या रेल यातायात में बाधा न हो. एनकेजे सीसीआर शैलेश कुमार ने बताया “मालगाड़ी के खाली डिब्बे के डी-रेल होने की सूचना मिली थी. तत्काल रेल कर्मियों की टुकड़ी को मौके पर भेजा गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कार्य शुरू किया गया.”
2 घंटे में मरम्मत, रेल मार्ग बाधित नहीं
लगभग 2 घंटे के भीतर डिब्बे को सफलतापूर्वक पटरी पर चढ़ा लिया गया और मालगाड़ी को रवाना किया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना के दौरान किसी भी रेल मार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुआ. रेलवे प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य किया. मामले की जाच की जा रही है. रेल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
कटनी में 5 माह पहले भी हादसा
कटनी में 23 सितंबर को भी कटनी जंक्शन के पास बिलासपुर की ओर जा रही मालगाड़ी का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया था. ये मालगाड़ी सतना से सामान लेकर बिलासपुर की ओर जा रही थी. ट्रेन में कुल 52 डिब्बे लगे हुए थे. इस दौरान रेल यातायात प्रभावित हुआ और बिलासपुर रूट पर ट्रेनों के संचालन में बाधा आई थी. कुछ ही दिन पहले शाजापुर के पास मक्सी रेलवे स्टेशन के पास भी मालगाड़ी बेपटरी हो गई थी. इस दौरान 3 ट्रेनों को 2 घंटे देरी से रवाना किया जा सका था.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.