Ganja Smuggling Busted: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, नारियल के ट्रक से लाखों का गांजा बरामद; तस्कर गिरफ्तार
खूंटी: जिले के कुंजला क्षेत्र में वन विभाग की सतर्कता से नारियल की आड़ में की जा रही गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है. अवैध लकड़ी तस्करी की सूचना पर सड़कों पर वाहनों की जांच के दौरान वन विभाग की गश्ती टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी में लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया है.
ट्रक चालक और खलासी फरार
जांच के दौरान ट्रक के ऊपर बड़ी मात्रा में नारियल लदा पाया गया, जबकि नीचे बोरे में छिपाकर भारी मात्रा में गांजा रखा गया था. आशंका जताई जा रही है कि नारियल लोड कर मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक, खलासी सहित एक अन्य व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.
वनपाल ने खूंटी थाना को दी सूचना
मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी वनपाल प्रवीण कुमार सिंह ने तत्काल खूंटी थाना प्रभारी अशोक सिंह और एनडीपीएस थाना को सूचित किया. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की. बाद में ट्रक को खूंटी एनडीपीएस थाना के हवाले कर दिया गया.
तस्करों की तलाश तेज-थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि वन विभाग के कर्मियों द्वारा सड़क से गांजा लदे ट्रक को जब्त किया गया है. गांजे का वजन कराए जाने के बाद उसकी कीमत का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल ट्रक नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है. इस कार्रवाई से वन विभाग की सतर्कता और समन्वय की सराहना की जा रही है, वहीं क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.