MP के युवाओं के लिए खुशखबरी! डिप्टी सीएम का बड़ा ऐलान— ऐतिहासिक ‘ऐरण’ बनेगा रोजगार का हब, खुलेंगे नौकरी के नए रास्ते
सागर: बीना ब्लॉक में 3 दिवसीय ऐरण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूसरे दिन डिप्टी सीएम व प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. उन्होंने ऐरण में बीना नदी में गंगा आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की. डिप्टी सीएम ने कहा, “ऐरण विश्व पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा, जिससे कि युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र समृद्ध बनेगा. विरासत से विकास की उड़ान भी शुरू होगी.”
ऐरण विश्व पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होगा
ऐरण महोत्सव में बोलते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा, “मध्य प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार ऐतिहासिक स्थलों पर महोत्सव आयोजित कर उनकी गरिमा व पर्यटन को बढ़ाने का काम कर रही है. निकट भविष्य में यह ऐरण विश्व पर्यटक स्थल के रूप में स्थापित होगा और यहां बड़ी संख्या में सैलानी एवं पर्यटक आएंगे.”
उन्होंने कहा कि “यहां बीना नदी के कारण यह स्थल और भी मनोरम है. यह ऐतिहासिक विष्णु भगवान की मूर्ति देखकर लगता है कि सैकड़ों हजारों वर्ष पूर्व भी यहां के कलाकार कितने कुशल व दक्ष होंगे, जिन्होंने इतनी अच्छी नक्काशी के माध्यम से उनको मूर्ति रूप दिया. इतिहास परंपरा को आधुनिकता से जोड़ने का काम ऐरण महोत्सव करेगा. यह ऐरण महोत्सव के माध्यम से कला संस्कृति को जहां मंच मिल रहा है, वहीं संस्कृति व इतिहास से सभी अवगत भी हो रहे हैं.
बुंदेलखंड सहित विश्व की धरोहर है ऐरण
बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि “ऐरण महोत्सव बीना सहित बुंदेलखंड व मध्य प्रदेश के गौरव का पुरातत्व स्थल है, जिससे पूरे विश्व में सागर की पहचान स्थापित हुई है.” उन्होंने कहा कि “4 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वादा किया था, जो आज यानी गुरुवार को उनके द्वारा पूरा किया गया है. ऐरण बुंदेलखंड सहित विश्व की धरोहर है.”
प्रभारी मंत्री ने इनको किया सम्मानित
ऐरण महोत्सव के दौरान जिला प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉक्टर मोहन चढ़ार और डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ. नागेश दुबे को शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया. 1700 वर्ष पुराने ऐरण के विष्णु भगवान के मंदिर व विभिन्न अवतारों की पुरातत्व विभाग के अधिकारी डॉ. मोहन चढ़ार एवं डॉ. नागेश दुबे ने विस्तार से जानकारी दी.
कालकारों ने मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां
गुरुवार 15 जनवरी की रात ऐरण महोत्सव के दूसरे दिन दशरथ लाल परोची गुना के द्वारा भजन गायन, नीलम तिवारी व साथी छतरपुर के द्वारा लोक गायन, नवधा कथकालय भोपाल द्वारा नृत्य नाटिका, परमानंद केवट साथी सरोज ढिमरयाई नृत्य व लोकगीत गायक ने लोकगायन की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे देख लोग झूम उठे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.