रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रांसजेंडर नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2025 का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन 19 और 20 दिसंबर तक चलेगा. इस खेल महोत्सव में देशभर से आए ट्रांसजेंडर खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इन खेलों के जरिए ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच दिया जा रहा है.
10 राज्यों से पहुंचे 170 खिलाड़ी: इस आयोजन में देश के लगभग 10 राज्यों से 170 ट्रांसजेंडर खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं. इससे पहले साल 2012 में भी रायपुर में नेशनल ट्रांसजेंडर स्पोर्ट्स मीट का आयोजन हुआ था.
किन खेलों का हो रहा है आयोजन
- 100 मीटर और 800 मीटर दौड़
- लॉन्ग जंप
- गोला फेंक
- रस्साकशी
ट्रेन बेगिंग और सेक्स वर्कर जैसी सोच बदलने का मौका: कई राज्यों से आए ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों ने इसे सोच बदलने का मौका बताया. आदित्य देव सेन ने कहा कि समाज में आज भी यह सोच है कि ट्रांसजेंडर कुछ नहीं कर सकते. सिर्फ ट्रेन में बेगिंग या सेक्स वर्कर के नाम से ही जानते हैं जो गलत है. उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स के माध्यम से वे यह दिखाना चाहते हैं कि ट्रांसजेंडर समुदाय में भी बहुत टैलेंट है. वेस्ट बंगाल से इस आयोजन में 11 खिलाड़ी पहुंचे हैं.
मैंने 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया और दूसरा स्थान प्राप्त किया. यह पहली बार है जब ट्रांसमेन को इस तरह का राष्ट्रीय मंच मिला है: ट्रांसजेंडर सुनील रानत
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.