पलामू: झारखंड में ऑनलाइन बेटिंग, लॉटरी, सांप का जहर आदि मुद्दों को लेकर राजनीति शुरू हो गई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कई बातें लिखी हैं. इसके जवाब में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बाबूलाल मरांडी के सवाल पर जोरदार हमला किया है.
ऑनलाइन बेटिंग पर बाबूलाल मरांडी का पोस्ट
दरअसल, पिछले दिनों ने पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सांप का जहर एवं तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. इसके साथ ही ऑनलाइन बेटिंग का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया था. दोनों नेटवर्क झारखंड के बाहर से संचालित हो रहे थे. दूसरे मामलों को लेकर भी बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे और झारखंड सरकार से कार्रवाई की बात कहीं थी. इसके साथ ही कई गंभीर आरोप भी राज्य सरकार पर लगाए थे.
जेएमएम का पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘बेरोजगारी के कारण युवा गलत रास्तों की तरफ बढ़ रहे हैं’. जिसके जबाव में झामुमो के जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी, मानसिक रूप से कमजोर हो गए हैं और बीजेपी शासित राज्यों से कई तरह के अवैध धंधों का संचालन हो रहे हैं. गुजरात में करोड़ों का नशीला पदार्थ पकड़ा जाता है लेकिन कोई खबर नहीं छपती है.
बीजेपी के सारे आरोप बेबुनियाद
झामुमो नेता राजेंद्र कुमार सिंह ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि बीजेपी के लोगों ने संरक्षण दिया है, पहले इन्होंने क्या किया है? ये किसी से छुपा नहीं है. जो आरोप लगाए जा रहे हैं वे बेबुनियाद हैं. पलामू जिला अध्यक्ष ने कहा कि गलत चीजों को बीजेपी की तरफ से संरक्षण दिया जा रहा है. मंईयां सम्मान योजना से लाखों महिलाएं जुड़ी हुई हैं और उनकी जिंदगी संवर रही है, यह सब बाबूलाल मरांडी को क्यों नहीं नजर आता?
बेटिंग नेटवर्क का खुलासा और बाबूलाल मरांडी का पोस्ट
दरअसल, पलामू में छत्तीसगढ़ के महादेव बेटिंग एप की तरह एक नया बेटिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ था. यह नेटवर्क सैकड़ों करोड़ का ट्रांजेक्शन कर रहा था. पलामू में इस नेटवर्क के खुलासे के साथ ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि ‘छत्तीसगढ़ के महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर अब झारखंड के युवाओं को भी सट्टेबाजी की ओर धकेला जा रहा है.
पलामू जिले में 40,000 करोड़ के सट्टा बाजार नेटवर्क का उद्भेदन हुआ है. पलामू धीरे-धीरे झारखंड के नए आपराधिक केंद्र के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है. कोयला तस्करी, सांप के जहर की अवैध तस्करी जैसे अपराध को तो अंजाम दिया ही जा रहा है, अब इनके साथ बड़े सट्टा नेटवर्क के खुलासे ने हालात को और गंभीर बना दिया है’.
बाबूलाल मरांडी ने पोस्ट के जरिए ‘हेमंत सरकार पर अवैध लॉटरी के संरक्षण देने की बात कही. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ऑफलाइन सट्टेबाजी तेजी से बढ़ रही है. झारखंड में व्याप्त घोर बेरोजगारी के कारण युवा आसानी से इस गलत रास्ते की ओर आकर्षित होते हैं और सटोरियों के प्रभाव में आकर कई तरह की बुरी आदतों के शिकार बन जाते हैं’.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.