राजनांदगांव: आरबीआई और पुलिस दोनों लोगों को ठगों से बचाने के लिए समय समय पर जागरुक करते रहते हैं. बावजूद इसके कुछ लोग ठगों के फैलाए जाल में फंस ही जाते हैं. कुछ ऐसा ही हुआ कोतवाली थाना इलाके के सनसिटी में. यहां एक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर उससे 80 लाख की ठगी कर ली गई. पीड़ित महिला अमेरिका में नर्सिंग का काम करती थी. वहां से रिटायर होने के बाद वो अपने घर राजनांदगांव लौटी है.
यूएस रिटर्न नर्स से 80 लाख की ठगी
पुलिस ने डिजिटिल अरेस्ट के इस मामले में राजस्थान के ठग गिरोह के 1 सदस्य को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने महिला से पैसे कई खातों में ट्रांसफर कराए. पुलिस अब सभी खातों के डिटेल खंगाल रही है. राजनांदगांव पुलिस इस काम में सायबर सेल की भी मदद ले रही है. पुलिस ने बताया कि महिला हाल ही में राजनांदगांव अमेरिका से शिफ्ट हुई है. पीड़ित महिला कोतवाली थाना इलाके के सनसिटी में रहती है.
आरोपियों ने बड़े शातिराना अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया है. आरोपियों ने महिला को व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट का झांसा देते हुए मनी लांड्रिंग केस में फर्जी कार्रवाई का डर दिखाया. महिला जब डर गई तो ठगों ने 80 लाख की रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए. कोतवाली थाने में महिला ने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस की संयुक्त टीम ने ट्रांजेक्शन और तकनीकी आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, बाकि आरोपियों की तलाश की जा रही है: राहुल देव शर्मा, एडिशनल एसपी, राजनांदगांव
महिला को डिजिटल अरेस्ट कर लूटा
आरोपियों ने पहले महिला को वीडियो कॉल कर अपने झांसे में लिया. महिला जब झांसे में आ गई तब, पीड़ित महिला को ठगों ने वीडियो कॉले के जरिए कोर्ट का सेटअप दिखाया. महिला कोर्ट का सेटअप देख घबरा गई. जिसके बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि वो उनके बताए गए खातों पर पैसे ट्रांसफर कर दे. आरोपियों ने कहा कि वो जितने भी पैसे ट्रांसफर करेगी उसपर 30 फीसदी के दर से ब्याज जोड़कर उसे वापस कर दिया जाएगा. महिला ने बताए गए खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए. कोतवाली पुलिस के मुताबिक महिला ने कुल 80 लाख की रकम ठगों के खाते में ट्रांसफर की.
कोतवाली पुलिस ने राजस्थान से 1 को पकड़ा
पीड़ित महिला को जब अपने ठगे जाने का एहसास हुआ तो उसने पुलिस को फोन किया. महिला की लिखित शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस ने सायबर सेल की मदद से जांच शुरू की. जांच के दौरान राजस्थान से एक आरोपी जिसका नाम राधेश्याम, उम्र 20 साल है उसे गिरफ्तार किया. पुलिस पकड़े गए आरोपी की मदद से बाकि आरोपियों का पता लगाने में जुट गई है. राजनांदगांव एसपी ने बताया कि आरोपियों ने हरियाणा के कई बैंकों में चेक और एटीएम के जरिए पैसों की निकासी की है. कुछ पैसे गिरोह के बाकि लोगों को भी ट्रांसफर किए गए हैं.
डिजिटल अरेस्ट से कैसे बचें
अपनी संवेदनशील जानकारी, जैसे ओटीपी, पिन, बैंक विवरण, या आधार नंबर, किसी भी कॉल या मैसेज पर साझा न करें. पुलिस या सरकारी अधिकारी कभी भी फोन पर या वीडियो कॉल पर पूछताछ नहीं करते और पैसे की मांग नहीं करते. अगर ऐसा होता है, तो समझ लें कि यह धोखाधड़ी है. किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक को क्लिक न करें और एपीके फ़ाइल (APK file) जैसे अज्ञात ऐप्स इंस्टॉल न करें.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.