सिंगरौली: सिंगरौली हवाई पट्टी पर बड़े विमानों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की टीम ने मंगलवार को सिंगरौली हवाई पट्टी पर पहुंचकर निरीक्षण किया. टीम ने हवाई पट्टी के कोने-कोने का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने कुछ और सुधार करने के साथ अन्य व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश जिम्मेदार अधिकारियों को दिए.
बाउंड्रीवॉल ऊंची करने के निर्देश
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम द्वारा 72 सीटर बड़े विमान लाने के लिए संभावनाओं पर चर्चा की. इसके तहत एटीसी की स्थापना, फायर स्टेशन के अलावा बाउंड्रीवॉल को लेकर बिंदुवार चर्चा की. टीम के साथ सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल भी मौजूद रहे. टीम ने प्री फिजवेलटी सर्वे भी किया.
हवाईपट्टी के क्षेत्रफल पर चर्चा
कलेक्टर गौरव बैनल ने बताया “सर्वे के दौरान दल द्वारा हवाई पट्टी के विस्तारपूर्वक अवलोकन किया गया. प्रारंभिक सर्वे के दौरान जांच दल द्वारा एयरपोर्ट बनाये जाने हेतु हवाई पट्टी के क्षेत्रफल एवं सहित अन्य पहलुओ पर चर्चा की गई. प्रारंभिक सर्वे के आधार पर ओएलएस सर्वे की प्रक्रिया की जायेगी. हमारा यह प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द ओएलएस सर्वे पूर्ण कराएं. सभी विभागों के सहयोग से यह कार्य जल्द ही पूर्ण किया जायेगा.”
आगे चलकर सिंगरौली में एयरपोर्ट भी बनेगा
कलेक्टर के अनुसार सर्वे वैज्ञानिक विधि से किया जा रहा है. सर्वे के बाद जो भी महत्वपूर्ण आवश्यकताएं होंगी, उन्हें समय पर पूर्ण कराकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा. हवाई पट्टी में बड़े विमान उतरने की संभावना को देखकर उम्मीद है कि आगे चलकर एयरपोर्ट की सौगात मिलेगी. इससे सिंगरौली की बड़े शहरों तक कनेक्टिविटी होगी.
निरीक्षण के दौरान डीजीएम एरोप्लेनिंग प्रविन्द्र तिवारी, डीजीएम सीएनएस प्रदीप कुमार, डीजीएम ओपीएस अंकुर खरे, एजीएम एटीएम अश्वनी कुमार, सीनियर मैनेजर इ.सी विनय गंगेले, अर्किटेक्ट मैनेजर अनुज भारती आदि मौजूद रहे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.