Punjab Election Commission News: नए वोट बनवाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान, मुख्य चुनाव अधिकारी ने दी जानकारी
चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार, 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इन विशेष कैंपों के माध्यम से आम नागरिक 12 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम आसानी से जांच सकते हैं। इसके अलावा, जिन नागरिकों को नए वोट बनवाने हैं या अपने मतदाता विवरण में किसी प्रकार का संशोधन करवाना है, वे भी मौके पर अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले युवा कर सकेंगे आवेदन
मुख्य चुनाव अधिकारी ने आगे बताया कि आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए पात्रता की निर्णायक तिथि 1 जनवरी, 2027 तय की गई है। इस निर्धारित तिथि तक जो युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या करने वाले हैं, वे फॉर्म संख्या 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आधिकारिक तौर पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
12 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट सूची और 4 जनवरी को फाइनल लिस्ट
निर्वाचन विभाग के तय शेड्यूल के मुताबिक, आगामी 12 नवंबर, 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन किया जाएगा। इस ड्राफ्ट सूची पर 12 नवंबर से लेकर 11 दिसंबर तक संबंधित नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके पश्चात, सभी वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद आगामी 4 जनवरी, 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.