Miracle in Telangana: मौत के मुंह से लौटी महिला, पुलिस और स्थानीय लोगों के रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
Telangana: तेलंगाना से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं। कहा जाता है कि ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’, और यह कहावत यहां बिल्कुल सच साबित हुई। सिद्दिपेट जिले के वर्गल मंडल स्थित नचारंगुट्टा के पास हल्दी वागु चेक डैम में एक महिला ने जिंदगी से निराश होकर छलांग लगा दी। लेकिन मौत के मुंह में जाते समय उसे ऐसा सहारा मिला, जिससे उसकी जान बच गई।
मां दुर्गा का स्टैंड बना जीवन रक्षक
जानकारी के अनुसार, गजवेल मंडल के प्रग्यापुर की रहने वाली 50 वर्षीय चीरला बालमणि मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। जीवन से तंग आकर गुरुवार को उन्होंने नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जैसे ही वह गहरे पानी में डूबने लगीं, अचानक उनका हाथ वहां मौजूद माता दुर्गा की प्रतिमा के स्टैंड से टकरा गया। महिला ने तुरंत उस स्टैंड को कसकर पकड़ लिया और पानी की सतह पर खुद को टिकाए रखने की कोशिश करने लगी।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर नदी में स्टैंड के सहारे संघर्ष कर रही महिला पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए तुरंत पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विष्णु मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
परिजनों को सौंपा गया महिला का जिम्मा
महिला के सुरक्षित बाहर आने के बाद पुलिस ने तुरंत चीरला बालमणि के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाते ही महिला का बेटा और दामाद मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ सुरक्षित घर ले गए। सही समय पर कार्रवाई कर महिला की जान बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने कांस्टेबल विष्णु की जमकर तारीफ की। समय रहते मिली इस मदद के कारण एक दर्दनाक हादसा होने से टल गया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.