दुर्ग : दुर्ग जिले में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है. जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.नेवई थाना क्षेत्र में महिला पर कटर से हमला किया गया है. हमला उस वक्त हुआ जब महिला घर से मंदिर जा रही थी. हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है,जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
कटर मारकर महिला को किया घायल
नेवई थाना अंतर्गत स्टेशन मरोदा निवासी चंद्रकला नाम की विवाहित महिला सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान अचानक एक युवक वहां पहुंचा और अपने पास रखे कटर से महिला पर कई वार कर दिए. हमले के बाद महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल महिला को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.
महिला से युवक का पहले हुआ था विवाद
डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत स्थिर है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.वहीं भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी युवक के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था.
महिला और आरोपी युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है.महिला ने इस दौरान युवक से अपशब्द कहे थे,जिससे नाराज होकर युवक ने हमला किया है. महिला का ससुराल बैकुंठधाम क्षेत्र में बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है-सत्यप्रकाश तिवारी,सीएसपी भिलाई नगर
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.