रांची:झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को वीडियो क्लिप जारी कर केंद्रीय आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बजट में झारखंड की उपेक्षा का आरोप लगाया है. डॉ. इरफान ने कहा कि यह बजट जनता को राहत देने वाला नहीं, बल्कि हार्ट अटैक लाने वाला बजट है. उन्होंने कहा कि इस बजट में न महंगाई पर कंट्रोल करने की दिशा में कोई उपाय किए गए हैं और ना ही युवाओं को रोजगार कैसे उपलब्ध हो इसकी व्यवस्था की गई है.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि हमारी मांग थी कि झारखंड में एक और AIIMS की सौगात मिले, लेकिन इसमें भी निराशा ही हाथ लगी है. डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आज लोकसभा में पेश बजट में युवा, किसान, मध्यम वर्ग सभी को नजरअंदाज किया गया है. यह बजट विकास का नहीं, बल्कि जुमलों का बजट है.
जनता के लिए “हार्ट अटैक” बजट: डॉ. इरफान
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि यह बजट जनता को राहत देने वाला नहीं, बल्कि धोखा और गुमराह करने वाला दस्तावेज है. महंगाई से आम आदमी त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और गरीब इलाज के लिए तरस रहा है, लेकिन इन सभी के लिए इस बजट में कोई ठोस समाधान नहीं है. स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरत को इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है. झारखंड की राजधानी रांची को आज भी “एम्स” नहीं मिला, जबकि हर बार बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे हैं. इलाज लगातार महंगा होता जा रहा है. सरकारी अस्पताल बदहाल स्थिति में हैं, लेकिन बजट में स्वास्थ्य के नाम पर सिर्फ भाषण है, जमीनी समाधान नहीं.
बजट में रोजगार के लिए कोई रोडमैप नहीं-स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि बजट में न नौकरियों की गारंटी है, न भर्ती की समय-सीमा. यह बजट युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है. महंगाई पर नियंत्रण के कोई उपाय नहीं करने का मतलब हुआ कि केंद्र सरकार को गरीबों का कोई ख्याल नहीं है. रसोई गैस, दाल, तेल, दवा हर जरूरी चीज महंगी है. टैक्स में कोई राहत नहीं दी गई और मध्यम वर्ग को एक बार फिर पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है. किसानों के लिए सिर्फ खोखले वादे किए गए हैं. एमएसपी की कानूनी गारंटी, सिंचाई, कर्ज राहत हर अहम मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कुछ नहीं कहा. खेत में पसीना बहाने वाले किसान को इस बजट में कोई सम्मानजनक स्थान नहीं मिला और उन्हें निराशा हाथ लगी है.
झारखंड को एक बार फिर ठगा गया- डॉ.इरफान
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड के साथ केंद्र की मोदी सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है. राज्य को न एम्स मिला, न बड़े उद्योग, और न ही कोई विशेष पैकेज.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.