छिंदवाड़ा: इंसानों के हेल्थ चेकअप कैंप सरकार नेताओं और कई समाज सेवी संस्थाओं के द्वारा लगाए जाते हैं. क्या कभी पालतू पशुओं के लिए स्वास्थ जांच शिविर की खबरें सुनी हैं. छिंदवाड़ा की एक समाजसेवी संस्था ने पालतू पशुओं के लिए हेल्थ चेकअप कैंप लगाने का जिम्मा उठाया है.
पालतू पशु के लिए हेल्थ चेकअप कैंप
महिलाओं की समाजसेवी संस्था इनर व्हील क्लब ने पालतू पशुओं के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए पशु चिकित्सा शिविर लगाने का काम शुरू किया है. जिसके चलते गौशाला कांजी हाउस और कई ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर पालतू पशुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर रहे हैं. जहां पर पशुओं के इलाज के साथ-साथ उनकी देखरेख और जांच की जाती है. इसके साथ ही पशुओं के लिए गुड, खली, आलू और हरी सब्जियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं. ताकि गौसेवा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का भी ख्याल रखा जा सके.
चन्दनगांव आदर्श गौशाला में लगा हेल्थ चेकअप कैंप
कमलनाथ सरकार के दौरान छिंदवाड़ा के चंदनगांव में आदर्श गौशाला की शुरुआत की गई थी. इस गौशाला की देखरेख नगर निगम के द्वारा की जाती है. लेकिन अब हालात यह है कि यह आदर्श गौशाला की हालत खराब हो गई है. 2 महीने पहले यहां कई गायों की मौत भी हो गई थी. इसी आदर्श गौशाला में समाजसेवी संस्था के द्वारा पशुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर पशुओं का इलाज किया गया. साथ ही पशुओं के लिए गुड खली आलू भी दिया गया ताकि गायों की हालत में सुधार आ सके.
इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्वेता घई पाटनी ने बताया कि, ”उनकी संस्था समाज हित के साथ-साथ पालतू पशुओं के लिए भी लगातार काम करती है. इसी के चलते उन्होंने चंदनगांव के गौशाला में इस शिविर का आयोजन किया था. साथ ही लोगों से भी अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग गौशाला में दान दें और उनकी देखरेख करें.”
शिविर पशु चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर प्राची चड्ढा ने पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की. इस दौरान उन्होंने पालतू पशुओं को ठंड से बचाने और स्वस्थ रखने के लिए बताया कि, ”पशुओं को गुनगुना पानी पिलाएं. आहार में दलिया, गुड़, सरसों, बिनौला की खली चना, मक्का, जौ और बाजरा जैसी पौष्टिक चीजें खिलाएं. ज्यादा ठंड पड़े तो जानवरों को जूट के बोरे से बने कपड़े भी पहनाए जा सकते हैं, ताकि ठंड का असर कम हो सके. साथ ही पशुओं को सुबह और शाम की धूप में जरूर बाँधे ताकि उन्हें गर्मी मिल स. इसके बाद भी अगर पशुओं ठंड लगे सांस लेने में तेज आवाज आए और खाना कम खाए तो ऐसे में डॉक्टरों को दिखाना चाहिए.”नगर निगम का दावा गौशाला में पर्याप्त इंतजाम
छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम के महापौर विक्रम आहाके ने बताया कि, ”गौशाला में ठंड से बचने के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा भी पूरे साल नगर निगम विशेष निगरानी करता है. गौशाला में गुनगुने पानी के साथ ही चारे की व्यवस्था और सब्जी मंडी से हरी सब्जियां भी ले जाकर गायों को खिलाई जाती हैं. समय-समय पर स्वास्थ्य चेकअप भी कराया जाता है. हालांकि लोग अपनी सुविधा अनुसार और कई समाज सेवी संस्थाएं यहां पर गौ सेवा करने भी आती हैं.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.