कटनी: बिलहरी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई. कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकराई और फिर उछलकर रेलिंग को तोड़ती हुई लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 2 अन्य युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई.
कटनी से बिलहरी लौटते समय हुआ हादसा
कुठला थाने से मिली जानकारी के मुताबिक, “रात करीब साढ़े 11 बजे 4 युवक कार में सवार कटनी से बिलहरी लौट रहे थे. बिलहरी पहुंचने से ठीक पहले तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया. कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से जोरदार टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा समाई. पानी में गिरते ही कार डूबने लगी.
कार में सवार अभिषेक ने पीछे बैठे अमन ताम्रकार को दरवाजा खोलकर बाहर खींच लिया और बाकी दो साथियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन कार के दरवाजे लॉक होने से वे फंस गए. इस तरह अभिषेक और अमन तो बाहर निकल आए, मगर विकास और प्रशांत अंदर ही रह गए. वहीं कार की टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई. इनमें से किसी ने पुलिस को हादसे के बारे में सूचना दी.”
2 युवकों की मौत, 2 की बची जान
हादसे में प्रशांत नायक (28) और विकास तिवारी (26) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि अभिषेक चौरसिया (26) और अमन ताम्रकार (26) ने खिड़की के शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. चंद कदम दूर स्थित बिलहरी चौकी पुलिस घटना के काफी देर बाद स्थल पर पहुंची तब जाकर कार को बाहर निकाला जा सका तब तक कार सवार 2 युवकों की मौत हो चुकी थी. इसके पूर्व ग्रामीणों ने कार में फंसे दोनों युवकों को निकालने का प्रयास किया पर ग्रामीणों के प्रयास सफल नहीं हो पाए.
दोनों परिवार के इकलौते बेटे हैं
कुठला थाने में प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया,”क्रेन की सहायता से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद कार को तालाब से निकाला गया. दोनों फंसे युवकों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विकास और प्रशांत को मृत घोषित कर दिया. दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे.” इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.