दरभंगा: बिहार की राजनीति और लोक संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बना चुकी युवा विधायक और प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में आ गई हैं। इस बार मामला उनके परिवार से जुड़ा हुआ है, जहां उनके पिता रमेश ठाकुर पर दरभंगा जिले की पोखरभिंडा पंचायत में सरकारी सड़क, अंतिम संस्कार व श्राद्ध स्थल तथा कुछ अन्य जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा जमाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है और उन्होंने इस संबंध में अंचल अधिकारी से लेकर सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) तथा सहयोग पोर्टल तक लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
‘हमारे परिवार पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह आधारहीन और झूठे हैं’: आरोपों पर खुलकर बोलीं विधायक मैथिली ठाकुर
अपने परिवार पर लग रहे जमीन हड़पने और भू-माफिया जैसे गंभीर आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक मैथिली ठाकुर ने इन सभी बातों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्होंने कुछ दिनों पहले ही सोशल मीडिया पर इन दावों को देखना शुरू किया है। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “भू-माफिया, जमीन हथियाना और गरीबों का हक छीनने जैसी बातें मैं पढ़ रही हूं, जो हमारे परिवार के संदर्भ में पूरी तरह झूठी और आधारहीन हैं। यह सुनकर मुझे बहुत ठेस पहुंच रही है कि लोग इस तरह की बातें लिख रहे हैं।” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इससे जुड़ा कोई भी मामला है, तो संबंधित अंचल अधिकारी से इसकी तथ्यात्मक जानकारी ली जानी चाहिए और इस प्रकार की बेबुनियाद खबरें फैलाने वालों को अपने आरोपों का आधार साबित करना चाहिए।
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के जरिए उठाई आवाज, रमेश ठाकुर पर लगे कथित जमीन घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सामने आ रहे जमीन हड़पने और करोड़ों की संपत्ति से जुड़े आरोप बेहद गंभीर प्रकृति के हैं। उन्होंने बिहार सरकार और तमाम संबंधित जांच एजेंसियों से यह पुरजोर मांग की है कि इस पूरे मामले की तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए ताकि जमीनी हकीकत जनता के सामने आ सके।
‘सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और नैतिकता जरूरी’, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए— तेज प्रताप का बड़ा बयान
तेज प्रताप यादव ने मैथिली ठाकुर के हालिया बयानों और राजनीतिक रुख पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधानसभा चुनाव के दौरान मैथिली ने आरजेडी के पिछले शासनकाल की लगातार आलोचना की थी और यह दर्शाया था कि उस दौर में लोग किस प्रकार भयभीत रहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2000 में जन्मीं मैथिली किस आधार पर उस समय की परिस्थितियों का चित्रण कर रही थीं? उन्होंने आगे कहा कि जो व्यक्ति स्वयं को भजन गायिका बताकर समाज को धर्म, सदाचार और नैतिकता का संदेश देता है, उससे सार्वजनिक जीवन में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही की उम्मीद की जाती है। किसी भी व्यक्ति की राजनीतिक लोकप्रियता या रसूख के आधार पर उसे जांच के दायरे से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.