शहडोल: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीले कफ सिरप की तस्करी और काला कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। नशे के सौदागर अब पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हाल ही में इस क्षेत्र से तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसी कड़ी में शहडोल जिले की ब्यौहारी पुलिस ने एक लग्जरी कार का फिल्मी स्टाइल में पीछा कर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
रीवा से शहडोल तक फैला है तस्करों का जाल
नशे का यह अवैध नेटवर्क रीवा से लेकर शहडोल तक बुरी तरह फैल चुका है। हालांकि, शहडोल पुलिस इन तस्करों की कमर तोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में रीवा से नशीला पदार्थ लेकर शहडोल आ रहे दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा। ब्यौहारी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई से पता चला है कि तस्करों की योजना इस बड़ी खेप को स्थानीय इलाके में महंगे दामों पर खपाने की थी।
लग्जरी कार से 50 प्रतिबंधित बॉटल्स बरामद
ब्यौहारी के एसडीओपी ऋषभ छारी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि 22 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रात के समय कुछ तस्कर एक गाड़ी से निकलने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक लग्जरी कार वहां से गुजरी। पुलिस को देखते ही कार सवार घबरा गए और बैरिकेड्स से बचकर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा कर उन्हें रोक लिया। जब कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से प्रतिबंधित नशीले कफ सिरप की 50 बॉटल्स बरामद हुईं। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है।
आरोपियों के फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की हो रही जांच
एसडीओपी के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रीवा निवासी मिथिलेश शर्मा और ब्यौहारी निवासी विक्रांत वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों मिलकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने कबूल किया है कि वे रीवा से यह सिरप खरीदकर ला रहे थे और इसे ब्यौहारी में बेचा जाना था। पुलिस को उनके पास से पैसों के लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन) से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.