छतरपुर: बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी तीसरी रथयात्रा की सफलता के बाद चौथी रथयात्रा का ऐलान कर दिया है। बाबा बागेश्वर ने कहा, “इस बार यूपी के लखनऊ से अयोध्या तक रथयात्रा निकाली जाएगी।” इस घोषणा का भक्तों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। बागेश्वर धाम में बुधवार रात बाबा बागेश्वर ने अन्नपूर्णा रसोई में दरबार के दौरान चौथी रथयात्रा निकालने की जानकारी भक्तों को दी।
🚀 रथयात्राओं को मिले रिस्पांस से बढ़ा उत्साह
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “अब तक निकाली गई तीनों रथयात्राओं को अच्छा रिस्पांस मिला है। हिंदुओं में एकता का संदेश गया है। इसी को देखते हुए चौथी रथ यात्रा निकालने का फैसला किया गया है। तीसरी रथ यात्रा में 5 दिन में 5 जिलों से होकर 500 किलोमीटर का सफर तय किया था। इसमें 3 हजार गांवों से गुजरते हुए नशामुक्त समाज, जातिगत भेदभाव से मुक्त समाज और लव जिहाद के खिलाफ जागरूकता सहित सात संकल्पों का संदेश दिया गया। यूपी वालों को भी रथयात्रा का सौभाग्य मिले, इसलिए वहां यात्रा निकालने का विचार है। रथयात्रा इसलिए की जाती है ताकि कम समय में ज्यादा दूरी तय की जा सके।”
🚶♂️ प्रतिदिन 40 से 50 किमी चलेगी रथयात्रा
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बताया, “चौथी रथ यात्रा एक दिन में 40 से 50 किलोमीटर चलेगी। यह यात्रा लखनऊ से शुरू होगी, जो अयोध्या तक जाएगी। लेकिन इसे फाइनल न मानें। हो सकता है चौथी यात्रा छत्तीसगढ़ या फिर बिहार में निकाली जाए। ये फैसला भक्तों की मांग पर होगा।” धीरेन्द्र शास्त्री 17 से 20 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के कुंडा में कथा सुनाएंगे। उनके मुताबिक, “कुंडा के रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) सनातन के लिए काम कर रहे हैं। राजा भैया ने हाल ही में शस्त्र पूजा की थी, उनके पास शस्त्र और शास्त्र दोनों हैं। वह देवराहा वाले बाबा जी के शिष्य हैं।”
🗓️ जानें धीरेंद्र शास्त्री की पिछली यात्राएं कब-कब निकलीं
बाबा बागेश्वर ने पहली पदयात्रा दो साल पहले 2024 में बागेश्वर धाम से ओरछा तक निकाली थी। इसकी दूरी लगभग 160 किलोमीटर थी और ये यात्रा 8 दिन तक चली। दूसरी पदयात्रा पिछले साल निकाली थी, जो दिल्ली से लेकर वृंदावन तक गई। इसकी दूरी करीब 145 किलोमीटर थी और यात्रा 10 दिन चली। तीसरी यात्रा हाल ही में निकाली गई, जो बागेश्वर धाम से शुरू होकर पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़ होते हुए छतरपुर में संपन्न हुई।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.