Amit Jani Threatened in Sonipat: फिल्म निर्माता अमित जानी पर हमले की कोशिश, वैष्णो देवी से लौटते समय सफेद कार सवार बदमाशों ने किया पीछा
सोनीपत: सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी ने अपने ऊपर हमले की आशंका जताई है. अमित जानी का आरोप है कि वैष्णो देवी से दर्शन कर लौटते समय नेशनल हाईवे 352-ए पर देवडू गांव के सामने सफेद कार सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और हथियार दिखाकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश की. रात करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद अमित जानी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और अपनी जान बचाने के लिए तुरंत कुंडली थाने पहुंचे. अमित जानी को सरकार की ओर से पहले से ही वाई (Y) श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, और उन्होंने इस संबंध में कुंडली व मुरथल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है, जिस पर मुरथल थाना पुलिस फिलहाल गंभीरता से जांच कर रही है.
⚠️ गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और गोल्डी बराड़ से मिल चुकी हैं धमकियां, गाड़ी में मौजूद थे निर्देशक भारत सिंह
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बीच अब सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी द्वारा गाड़ी का पीछा किए जाने का मामला सामने आया है. अमित जानी की सुरक्षा को लेकर यह घटना इसलिए भी बेहद अहम है, क्योंकि उन्हें पहले भी गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ से जुड़े गिरोहों की ओर से जान से मारने की धमकियां मिलने की बात सामने आ चुकी है. घटना के वक्त फिल्म निर्देशक भारत सिंह श्रीनेत समेत कई अन्य लोग भी उनकी गाड़ी में मौजूद थे. आपको बता दें कि अमित जानी ‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म बना चुके हैं, जबकि ‘काला हिरण’ और ‘कल्कि संभल’ उनकी आगामी फिल्में हैं.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.