Hooghly/Kolkata News: कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में मची खौफनाक भगदड़ ने कई परिवारों के सपनों को हमेशा के लिए चकनाचूर कर दिया है. इस भीषण हादसे में हुगली जिले के बैद्यबाती की रहने वाली 27 वर्षीय नर्स श्रीपर्णा पोद्दार की भी दर्दनाक मौत हो गई. अपने माता-पिता की इकलौती संतान श्रीपर्णा शनिवार सुबह मुस्कुराते हुए काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं. किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा मंडप में दर्शन करने गई उनकी हंसमुख बेटी अब कभी वापस नहीं लौटेगी.
27 वर्षीय श्रीपर्णा पोद्दार अपने परिवार की इकलौती उम्मीद और सहारा थीं. श्रीपर्णा पोद्दार हुगली जिले के बैद्यबाती नगरपालिका के वार्ड नंबर 18 स्थित मलिर बागान क्षेत्र की निवासी थीं. उनके पिता का नाम शंभूनाथ पोद्दार है. B.Sc. नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद श्रीपर्णा टाटा कैंसर सेंटर में बतौर नर्स अपनी सेवा दे रही थीं. शनिवार सुबह वह हर दिन की तरह ड्यूटी पर निकली थीं. उन्होंने दोस्तों के साथ काम खत्म करके कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में प्रतिमा दर्शन की योजना बनाई थी.
💔 भीड़ के दबाव में कुचलने से गई जान, दोस्त के फोन से मिली मौत की खबर
चोरबागान पंडाल में मूसलाधार बारिश और भारी भीड़ के बीच हुए हादसे में श्रीपर्णा की जान चली गई. दोस्तों के साथ पूजा देखने पहुंची श्रीपर्णा भीड़ के भारी दबाव और अफरा-तफरी के बीच नीचे गिर गईं और कुचली गईं. हादसे के तुरंत बाद श्रीपर्णा के दोस्त ने परिवार को इस अनहोनी की जानकारी दी. खबर मिलते ही बिलखते माता-पिता और स्थानीय लोग कोलकाता मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गए.
😢 “पड़ोसियों की मदद में सबसे आगे रहती थी सोनाई”: विधायक और पुलिस ने बंधाया ढांढस
श्रीपर्णा की मौत की खबर फैलते ही पूरे मलिर बागान इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. घर और पड़ोस में सभी श्रीपर्णा को प्यार से ‘सोनाई’ कहकर बुलाते थे. किराएदार रिम्पा दास ने रोते हुए कहा कि सुबह ही सोनाई मुस्कुराते हुए ठाकुर देखने जाने की बात कहकर निकली थी और रात को उसकी मौत की खबर आई. पड़ोसी हरिदास ने बताया कि श्रीपर्णा बेहद दयालु और हंसमुख लड़की थी. नर्स होने के नाते पड़ोस में किसी के बीमार पड़ने पर वह सबसे पहले मदद के लिए पहुंचती थी.
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों ने संवेदना जताई. घटना की सूचना मिलते ही चापदानी के विधायक दिलीप सिंह और शेओराफुली चौकी की पुलिस टीम श्रीपर्णा के घर पहुंची. हालांकि, विधायक के पहुंचने से पहले ही बेटी की पार्थिव देह लेने के लिए शंभूनाथ पोद्दार और उनकी पत्नी कोलकाता मेडिकल कॉलेज के लिए निकल चुके थे. इकलौती बेटी के चले जाने से पोद्दार परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.