छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम गृह, नो प्रॉफिट नो लॉस के आधार पर होंगे संचालित
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मरीजों के परिजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त विश्राम गृह बनाने का फैसला किया है. गुरुवार को नए साल के पहले दिन मेडिकल एजुकेशन विभाग और सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के बीच एक एमओयू हुआ. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में मंत्रालय नवा रायपुर में ये एमओयू हुआ.
छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख मेडिकल कॉलेज में पहले बनेगा विश्राम गृह
सर्वसुविधायुक्त विश्राम गृह बनाने की योजना के पहले पड़ाव में रायपुर, अंबिकापुर, रायगढ़ और जगदलपुर जैसे प्रमुख शहरों के मेडिकल कॉलेजों को चुना गया है, जहां दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल बेहतर इलाज उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि मरीजों के साथ आने वाले परिजनों की गरिमा और सुविधा का भी ख्याल रखना है. दूर-दराज से आने वाले लोग कई दिनों तक अस्पतालों के आसपास असुविधाजनक परिस्थितियों में रुकने को मजबूर होते हैं. विश्राम गृह की व्यवस्था उनके लिए सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती ठहराव का बड़ा सहारा साबित होगी.
विश्राम गृहों के माध्यम से मरीज परिजनों को सम्मानजनक आवास, भोजन और बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी. इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानवता और संवेदना का समन्वय और सुदृढ़ होगा – विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री
सेवादान आरोग्य फाउंडेशन की रहेगी पूरी जिम्मेदारी
इन आश्रय स्थलों के निर्माण, सजावट और उनके रोजमर्रा के संचालन का पूरा जिम्मा संस्था खुद उठाएगी. जहां परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहद किफायती ठहराव मिलेगा. इन विश्राम गृहों में 24 घंटे सुरक्षा, सीसीटीवी की निगरानी, साफ-सुथरा भोजन और एक गरिमामय माहौल भी सुनिश्चित किया जाएगा.
इलाज सिर्फ दवाओं से नहीं, अपनों के साथ और सुकून से भी होता है. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को नया विस्तार मिलने जा रहा है. इस MoU के तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों में मरीजों के परिजनों के लिए बेहतर और सुविधाजनक ‘विश्राम गृह’ बनेंगे जो ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के आधार पर संचालित होंगे- श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब , स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त रितेश अग्रवाल सहित सेवादान फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.