CM मोहन का ‘कचौरी प्रेम’: ‘यहां की कचौरी खाए बिना गाड़ी आगे नहीं बढ़ती’, सुनकर आ जाएगा आपके भी मुंह में पानी
शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के उन्हेल पहुंचे। यहां उन्होंने दो व्यंजनों की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि, उन्हेल से गुजरो, तो यहां की कचौरी खाए बिना आगे गाड़ी नहीं बढ़ती है। न जाने क्या बात है, यहां की कचौरी में, उसमें मिलने वाली यहां की चटनी स्वाद को और बढ़ा देती है। इसी तरह यहां का मोती पाक…अरे भाई, इसकी तो बात ही अलग है। इसका नाम लेते ही मुंह में पानी आने लगता है। इन सब खूबियों वाले इस उन्हेल को लोग अब सबसे ज्यादा विकसित कस्बे के नाम से भी जानेंगे। बड़नगर के पास नागदा से घूमता हुआ मेट्रोपोलिटन का पहला, आजादी के बाद सबसे विकसित होने वाला जो कस्बा है, वह उन्हेल है।
सीएम मोहन यादव ने दी करोड़ों की सौगात
शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 133 करोड 80 लाख रुपए की लागत के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई घोषणाएं कीं, जिनमें 127.63 करोड की लागत के 23 किलोमीटर से अधिक लंबाई के इंगोरिया से उन्हेल टू लेन मार्ग निर्माण का भूमि पूजन सम्मिलित है। साथ ही 1.26 करोड़ के नवीन नगर परिषद कार्यालय भवन निर्माण एवं 2.17 करोड़ के चिड़ी से रावदिया मार्ग निर्माण का भूमि पूजन तथा 2.74 करोड रुपए के करनावद विद्युत उपकेंद्र निर्माण का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
सांसद अनिल फिरोजिया ने संबोधन में कहा कि प्रदेश में किसान हितैषी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किसानों के हित में भावांतर योजना लागू की गई है, जिसका लाभ किसानों को मिलेगा। सरकार सदैव किसानों के साथ है। आपदा प्रभावित प्रत्येक किसान को शासन द्वारा मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही बीमा क्लेम भी दिलवाया जाएगा। स्वागत उद्बोधन में विधायक सतीश मालवीय ने कहा कि क्षेत्र को लगातार विकास की सौगात मिल रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.