पाकिस्तान की हार के लिए धार्मिक अनुष्ठान करेंगे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, कहा-‘हम सेना के साथ लड़ने को तैयार’
जबलपुर। पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में पूरा देश एक साथ खड़ा दिख रहा है। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी पाकिस्तान से युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि, भारत को कमजोर समझने वालों को अब सबक सिखाना जरुरी है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने आगामी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के भिलाई और बिलासपुर में प्रस्तावित गौ महायज्ञ भी निरस्त कर दिया गया है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का कहना है कि, पाकिस्तान से युद्ध का माहौल लंबा चल सकता है इसीलिए वो विशेष धार्मिक अनुष्ठान करेंगे और शत्रु पाकिस्तान की हार की प्रार्थना करेंगे। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सरहद पर सेना के साथ युद्ध लड़ने को भी तैयार होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि, वो पढ़ाई के दौरान एनसीसी के कैडेट रह चुके हैं इसलिए सैन्य कार्यशैली को अच्छी तरह जानते हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि, वो शारीरिक रुप से पूरी तरह स्वस्थय हैं इसीलिए जरुरत होने पर सरहद पर लड़ भी सकते हैं और सरहद पर हमारे सैनिकों के लिए सेवा शिविर भी लगा सकते हैं। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि, वो पूरी तरह भारत सरकार और भारत की सेना के साथ खड़े हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, ये वक्त सभी मतभेद भुलाकर, देशवासियों को एकजुट होने का है और भारत की जीत के लिए देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और भारतीय सेना के साथ खड़े होने का है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.