Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
Congress Election Result: अभिषेक चौधरी को मिले सबसे ज्यादा 6.15 लाख वोट, राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक... Rajasthan Kinnar House Theft: पुरानी रंजिश की आशंका के तहत पुलिस कर रही जांच, अज्ञात आरोपियों की तला... Chimur Ashramshala Controversy: डैंड्रफ की समस्या के नाम पर छात्रों के साथ अजीब सलूक, वायरल तस्वीरों... BJP vs Shinde Sena: नागपुर में बीजेपी के सामने बागी पूर्व विधायक की चुनौती, सीटों के बंटवारे के बाद ... Ulhasnagar Mahayuti Crisis: महाराष्ट्र में महायुति में पड़ी फूट! बीजेपी ने शिंदे सेना से अलग होने का... CM Vishnu Deo Sai Singapore Visit: छत्तीसगढ़-सिंगापुर साझेदारी से खुलेंगे विकास के नए रास्ते, ग्रीन ... Chhattisgarh PMAY Success: छत्तीसगढ़ में बिना सरकारी खर्च के मिली 25,413 आवासों के लिए जमीन, केंद्र ... Kanker Divyang Camp: जगदलपुर में 7 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क दिव्यांग शिविर, कलेक्टर कुन्दन कुमार ने... Raipur Police Reshuffle: मुख्यमंत्री और राजभवन सुरक्षा में बदले गए अधिकारी, गृह विभाग ने जारी किया न... Sahibganj Murder Mystery Solved: साहिबगंज में गौरचंद्र बागती हत्याकांड का खुलासा, चचेरा भाई ही निकला...

‘ऐसे नाटकों से मदद नहीं मिलेगी, हथकड़ी केजरीवाल के नजदीक आ रही’, ED के सामने पेश नहीं होने पर बोली बीजेपी

38

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘डर से कांप’ रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हो रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि वह कथित शराब नीति घोटाले के ‘सरगना’ हैं। भाजपा की यह प्रतिक्रिया तब आई है जब केजरीवाल दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी की ओर से जारी तीसरे समन पर भी पेश नहीं हुए और लिखित जवाब भेजकर नोटिस को ‘अवैध’ करार दिया।

‘केजरीवाल डर से कांप रहे’
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल डर से कांप रहे हैं और ईडी के समन को नजरअंदाज करने के लिए एक के बाद एक बहाने बना रहे हैं।” उन्होंने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह कहना गलत नहीं होगा कि केजरीवाल आज डरे हुए हैं क्योंकि वह जानते हैं कि उनकी गिरफ्तारी होने वाली है। वह जानते हैं कि वह सरगना हैं और उनके पास (ईडी के सवालों का) कोई जवाब नहीं है। यही कारण है कि वह कानून की प्रक्रिया से बचने की कोशिश कर रहे हैं।”

भाजपा नेता ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ होगा कि किसी ने किसी जांच एजेंसी को अपना समन वापस लेने का ‘आदेश’ दिया हो। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल ने ईडी से अपना समन वापस लेने को कहा। अरविंद केजरीवाल जी, आप कानून से ऊपर नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि यह जांच एजेंसियों का अधिकार है कि वे ‘सबूतों के अनुसार’ भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करें।

‘हथकड़ी उनके करीब आ रही’
भाटिया ने कहा कि अगर केजरीवाल को लगता है कि ईडी ने उन्हें कथित राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से समन जारी किया है तो उन्हें राहत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर ईडी का समन राजनीति से प्रेरित है तो उन्होंने अब तक अदालत का दरवाजा क्यों नहीं खटखटाया। वह (अदालत जाने का) साहस नहीं जुटा पा रहे हैं क्योंकि वह सच्चाई जानते हैं कि वह शराब घोटाले के सरगना हैं।” भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह के नाटकों से मदद नहीं मिलेगी क्योंकि केजरीवाल जानते हैं कि हथकड़ी उनके करीब आ रही है।” उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह सिर्फ उनकी कठपुतली हैं।

भ्रष्टाचारियों को चील की तरह पकड़ रही एजेंसियां
भाटिया ने आरोप लगाया कि कभी भारत से भ्रष्टाचार खत्म करने की बात करने वाले केजरीवाल खुद राजनीति में ‘भ्रष्ट दीमक’ बन गए हैं और उन्हें गलतफहमी है कि वह कानून से ऊपर हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अरविंद केजरीवाल, आपको छल, भ्रष्टाचार, दुष्प्रचार करने में महारत हासिल है और यह आपका पर्याय बन गया है।” आम आदमी पार्टी के इस आरोप पर कि भाजपा नीत केंद्र सरकार केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए उन्हें गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है, भाटिया ने कहा कि जांच एजेंसियां ईमानदारी से भ्रष्टाचारियों को चील की तरह पकड़ रही हैं और उनसे लोगों की गाढ़ी कमाई का ब्योरा मांग रही हैं।”

बेईमानी नहीं की है तो डर क्यों रहे
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपने कोई बेईमानी नहीं की है तो डरने की क्या बात है… केजरीवाल को ईडी के सामने पेश होना चाहिए था और उसके सवालों का जवाब देना चाहिए था।” उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक से ‘सच सामने आने देने’ को कहा। भाटिया ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी दलों की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाते हुए उन पर भी निशाना साधा। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने की खुली छूट दी गई है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.