Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया 10वीं-12वीं परीक्षा 2027 का शेड्यूल: जानें फॉर्म भरने और फीस ज... Sonari Police Station Case: पूनम अरोड़ा, सन्नी और सक्षम अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी, व्हाट्सएप चैट और ... Singrauli Collector Initiative: एलन और आदित्य बिड़ला ग्रुप के सहयोग से छात्रों को मिलेगी सौगात, दूरद... Rahul Gandhi vs ECI: वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग जाने से रोके गए राहुल गांधी, पुलिस ने कई नेताओ... Prayagraj Poster Politics: दलित-पिछड़ा साथ चलेगा और फिर बनेगी योगी-मोदी की सरकार, चुनाव से पहले शहर ... Moradabad Police Action: आरोपी अरबाज खान गिरफ्तार और जेल भेजा गया, युवती को गांव के बाहर छोड़कर हुआ ... Allahabad HC Verdict: मां के साथ नहीं रहना चाहती थी बेटी, कोर्ट ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका को किया... Ruchi Vira on Yogi Adityanath: अखिलेश यादव के विकास कार्यों पर मांगे जाएंगे वोट, ओवैसी और संजय निषाद... Vikram Patna Crime Update: आपसी नोकझोंक के बाद सनसनीखेज वारदात, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्... Rajasthan Crime Update: पाली में ट्रांसपोर्ट नगर के पास ढाबे पर खूनी संघर्ष, कर्मचारियों से मारपीट क...

रमेश बिधूड़ी के बेहूदा बयान पर हंसते दिखे BJP सांसद हर्षवर्धन, सफाई में क्या बोले?

44

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद हर्षवर्धन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में उनकी पार्टी के सहयोगी रमेश बिधूड़़ी द्वारा की गई कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में निहित राजनीतिक स्वार्थ के लिये कुछ लोगों ने बेवजह उनका नाम ‘‘घसीटा” है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में दिल्ली के चांदनी चौक से लोकसभा सदस्य हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘हालांकि मैं निस्संदेह एक-दूसरे पर की जा रही टिप्पणी का गवाह था (जो वास्तव में पूरा सदन ही था), सच बात तो यह है कि उस शोर-शराबे में मैं स्पष्ट रूप से कुछ भी समझ नहीं पा रहा था।”

भाजपा नेता हर्षवर्धन का स्पष्टीकरण ‘चंद्रयान-3′ मिशन की सफलता पर लोकसभा में चर्चा के दौरान बृहस्पतिवार रात बिधूड़ी द्वारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य कुंवर दानिश अली पर निशाना साधते हुए कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के एक दिन बाद आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर्षवर्धन निशाने पर आ गए। वीडियो क्लिप में बिधूड़ी को कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है और उनके पीछे बैठे चांदनी चौक के सांसद हंसते हुए प्रतीत हो रहे हैं।

आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें बिधूड़ी बोलते हुए, जबकि भाजपा के दो सांसद मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। आप ने कहा, ‘‘भारत की नयी संसद के अंदर नया निम्न स्तर। भाजपा सांसद हर्षवर्धन और रविशंकर प्रसाद उस समय बेशर्मी से हंस रहे थे, जब उनके सहयोगी रमेश बिधूड़ी मुस्लिम सांसद दानिश अली को अपशब्द कह रहे थे, उन्हें…कह रहे थे।”

हर्षवर्धन ने ‘एक्स’ पर एक लंबी पोस्ट में लिखा, ‘‘मैंने ट्विटर पर अपना नाम ट्रेंड होते देखा है, जहां लोगों ने मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बेवजह घसीटा है, जहां दो सांसद सदन में एक-दूसरे के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।” उन्होंने कहा, ‘‘हमारे वरिष्ठ एवं सम्मानित नेता राजनाथ सिंह जी पहले ही दोनों पक्षों द्वारा इस तरह की अनुचित भाषा के उपयोग की निंदा कर चुके हैं। मैं अपने मुस्लिम दोस्तों से पूछता हूं, जो आज सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ लिख रहे हैं, क्या वे वास्तव में मानते हैं कि मैं कभी भी ऐसी अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल में भागीदार बन सकता हूँ, जो किसी एक समुदाय की संवेदनाओं को ठेस पहुंचाती हो?” उन्होंने दावा किया, ‘‘यह नकारात्मकता से भरी एक द्वेषपूर्ण, बेबुनियादी, पूर्णतः झूठ और मनगढ़ंत कहानी है और सोशल मीडिया पर कुछ निहित राजनीतिक तत्वों द्वारा मेरी छवि को खराब करने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।”

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.