Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
मध्य प्रदेश के इंदौर में दहला देने वाला डबल मर्डर: कालानी नगर में पिता और बेटी की हत्या के मामले में... बिहार के बेगूसराय में प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला: चोरी-छिपे मिलने आए प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों न... दिल्ली में आयोजित 'शब्द कीर्तन' कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुरु नानक देव जी ... उत्तर प्रदेश के बागपत में सरेराह क्रूरता की हदें पार: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पेट्रोल पंप के बाहर आ... न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में... रणबीर कपूर और यश स्टारर बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ में हनुमान के रूप में नजर आएंगे सनी देओल, मेकर्स ने... बांग्लादेश के प्रमुख परिधान उद्योग पर मंडराया गंभीर संकट: महज अठारह दिनों में चार हजार करोड़ रुपये क... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का दिखा बड़ा असर: भारत के सोने के आयात में 40 फीसदी की भारी गिरावट... WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले हो जाएं सावधान: गृह मंत्रालय के तहत आने वाले I4C ने जारी की गंभीर... कार्तिक पूर्णिमा 2026 पर ओडिशा में मनाई जाती है अनूठी 'बोइता बंदाना' परंपरा: नदियों और समुद्र तटों प...

एशिया कप में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों की तिकड़ी का मुकाबला

59

पालेकल : भारत और पाकिस्तान की टीमें शनिवार को एशिया कप में आमने सामने होंगी तो यह विश्व कप के ड्रेस रिहर्सल की तरह रहेगा जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों का सामना हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी की अगुवाई में पाकिस्तान के धुरंधर तेज आक्रमण से होगा।

एशिया कप 50 ओवरों के प्रारूप में हो रहा है जो अक्टूबर नवंबर में भारत में होने वाले विश्व कप में भाग ले रही टीमों की तैयारी के लिये अहम होगा। वहीं आयोजकों और क्रिकेटप्रेमियों के लिये भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सब मुकाबलों से बढ़कर रहता आया है। भारतीय क्रिकेटप्रेमियों को आज भी पिछले साल टी20 विश्व कप में मेलबर्न में रऊफ की गेंद पर कोहली का शानदार शॉट याद होगा।

वहीं पाकिस्तानी प्रशंसक भी भूले नहीं होंगे जब शाहीन की तेज रफ्तार गेंदों का सामना करने में नाकाम रहे रोहित पगबाधा आउट हो गए थे। इस तरह के प्रदर्शन ही खिलाड़ियों को लीजैंड बनाते हैं और एशिया कप में दोनों टीमों के सितारों के पास अपने अपने देश में लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचने का एक और मौका होगा। वैसे मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश का पूर्वानुमान जताया है जिससे दोनों टीमों के प्रशंसकों की उम्मीदों पर पानी फिरने की भी आशंका है।

भारतीय खेमा दुआ कर रहा होगा कि विराट, रोहित और शुभमन गिल की तिकड़ी रऊफ, शाहीन और नसीम शाह का डटकर सामना कर सके। मौसम को देखते हुए पावरप्ले में पाकिस्तानी तिकड़ी खतरनाक साबित हो सकती है। दोनों टीमों के मध्यक्रम को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति है। पहले दो मैचों से बाहर हुए केएल राहुल की गैर मौजूदगी ने भारत की परेशानियां बढ़ा दी है। ऐसे में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को मध्यक्रम में उतारा जा सकता है लेकिन चौथे और पांचवें नंबर को लेकर अभी कुछ तय नहीं है।

किशन ने कभी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी नहीं की है और मध्यक्रम में उसका औसत 22.75 ही है। दूसरी ओर पाकिस्तान टीम में कोई फिटनेस समस्या नहीं है लेकिन वनडे में खिलाड़ियों में पास अनुभव नहीं है। विश्व कप 2019 के बाद से पाकिस्तान ने सिर्फ 29 वनडे खेले जबकि भारत ने 57 मैच खेले हैं। पाकिस्तान ने 29 में से 12 मैच इसी साल खेले। उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज बाबर आजम (689 रन), फखर जमां (593 रन) और इमामुल हक (361 रन) ने लगातार रन बनाए हैं।

उसामा मीर, सऊद शकील और आगा सलमान हालांकि लगातार अच्छा खेलने में नाकाम रहे हैं। सातवें नंबर के बल्लेबाज इफ्तिखार अहमद और आठवें नंबर पर उतरने वाले शादाब खान पर अक्सर रनगति बढाने की जिम्मेदारी आती रही है। इफ्तिखार ने नेपाल के खिलाफ शतक भी जमाया जबकि पिछले सप्ताह शादाब ने अफगानिस्तान के खिलाफ 48 रन बनाए। मध्यक्रम को लेकर भारत और पाकिस्तान की स्थिति कमोबेश समान है।

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी से भारतीय आक्रमण मजबूत हुआ है। दोनों ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में काफी गेंदबाजी की लेकिन देखना होगा कि 50 ओवरों के प्रारूप में वह कैसा खेलते हैं। ऐसे में मोहम्मद शमी को तरजीह दी जा सकती है। पाकिस्तान के शाहीन, नसीम और रऊफ मिलकर इस साल 49 विकेट ले चुके हैं। ऐसे में उछालभरी पालेकल की पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की असल परीक्षा होगी। स्पिन में रविंद्र जडेजा का चयन तय है जो सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल में से भारत को सोच समझकर चुनना होगा। कुलदीप ने इस साल 11 वनडे में 22 विकेट लिए हैं जबकि अक्षर ने छह मैचों में तीन ही विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान के शादाब ने आठ मैचों में 11 विकेट लिए हैं।

संभावित प्लेइंग 11 :

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, एचएच पंड्या, एसए यादव, शुबमन गिल, आरए जड़ेजा, ईशान किशन (विकेटकीपर), जेजे बुमरा, मोहम्मद सिराज, केएल यादव, एम शमी

पाकिस्तान : एफके जमान, बाबर आजम (कप्तान), आईयू हक, आगा सलमान, एसएच खान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), एस अफरीदी, हारिस रऊफ, नसीम शाह

मैच का समय : दोपहर 3 बजे से।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.