इंदौर : शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में मौजूद एक निजी स्कूल से बच्ची के साथ अभद्रता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां टीचर द्वारा एक मासूम बच्ची को अपशब्द कहकर मारपीट की जाती थी, जब बच्ची ने ये बात अपने पिता को बताई तो पिता ने चुपचाप बच्ची के बैग में एक वॉइस रिकॉर्डर डाल दिया, जिसमें टीचर की सारी करतूत रिकॉर्ड हो गई. टीचर द्वारा कथित तौर पर बच्ची को जो अपशब्द कहे, उसकी रिकॉर्डिंग लेकर बच्ची के पिता सीधे पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
3 साल की बच्ची से टीचर करती है अभद्रता-मारपीट
ये पूरा घटनाक्रम इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र का है. विजयनगर थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूलों में 3 साल की बच्ची प्री प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई करने के लिए जाती है, लेकिन पढ़ाई से ज्यादा उसे यातनाएं मिलती हैं. पिता का आरोप है कि क्लास के दौरान एक टीचर बच्ची के साथ मारपीट कर गंदी भाषा में बात करती है. टीचर द्वारा अभद्रता किए जाने की जानकारी बच्ची ने घर आकर अपने पिता को दी. इसके बाद पिता ने मामले की सच्चाई जानने के लिए बच्ची के बैग में वॉइस रिकॉर्डर रखा, जिसमें चौकाने वाले खुलासे हुए.
वॉइस रिकॉर्डिंग लेकर थाने पहुंचे पिता
अगले दिन जब बच्ची स्कूल गई और स्कूल से जब वापस आई तो पिता ने वॉइस रिकॉर्डर से कंप्यूटर में डाटा लेकर उसे सुना, इसके बाद वे सीधे थाने पहुंच गए. विजयनगर पुलिस को की गई शिकायत में पिता का दावा है कि टीचर ने बच्ची के साथ अभद्रता की है. वहीं, विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया, ” बच्ची के पिता की शिकायत पर शिक्षिका के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. आरोप है कि शिक्षिका बच्ची को काफी दिनों से प्रताड़ित कर रही थी, उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर उसके साथ मारपीट कर रही थी. उसी के चलते पिता ने वॉइस रिकॉर्डर के माध्यम से पूरी बातचीत को रिकॉर्ड किया और उसी के आधार पर पुलिस को शिकायत की.
पुलिस ने वॉइस रिकॉर्डिंग को जांच में लिया है, वहीं आरोपी टीचर को भी थाने में तलब किया गया है. आरोप सही पाए जाने पर शिक्षिका के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई होगी.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.