Indore Crime News: गर्लफ्रेंड हत्याकांड का आरोपी पीयूष पुलिस के साथ पहुंचा घटनास्थल, बताया कैसे ‘पावर डोज’ के बाद दी दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी में एमबीए छात्रा की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. सोमवार को थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की टीम आरोपी पीयूष को अंकल वाली गली स्थित उस कमरे में लेकर पहुंची, जहां उसने छात्रा की हत्या की थी. पुलिस ने न केवल सीन रीक्रिएशन कराया, बल्कि मौके से रस्सी, टेप और चाकू जैसे अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
पूछताछ में पीयूष ने बताया कि उसने हत्या का प्लान पहले ही बना लिया था. उसने छात्रा को अपने कमरे पर बुलाया और उसका मोबाइल चेक किया. मोबाइल में अन्य युवकों से चैटिंग देख वह आगबबूला हो गया. विवाद के बाद उसने छात्रा को विश्वास में लेने के लिए कहा कि वह उसे एक सरप्राइज देना चाहता है पीयूष ने छात्रा से कहा कि वह उसकी आंखें, हाथ और पैर बांधेगा. छात्रा उसके झांसे में आ गई और फिर पीयूष ने योजनाबद्ध तरीके से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद शव के साथ दरिंदगी और तंत्र-मंत्र
पुलिस की जांच में आरोपी की मानसिक विकृति का खौफनाक चेहरा सामने आया है. पीयूष ने कबूला कि हत्या से पहले और बाद में उसने शव के साथ दुष्कर्म किया. वारदात को अंजाम देने के लिए उसने शक्तिवर्धक दवाओं का हाई डोज लिया था. हत्या के बाद वह कमरे को ताला लगाकर शराब पीने चला गया, फिर वापस लौटकर शव पर चाकू से कई वार किए. फरार होकर मुंबई पहुंचने के बाद उसने यूट्यूब पर सर्च किया कि “आत्मा को वापस कैसे बुलाया जा सकता है” और छात्रा की आत्मा से बात करने के लिए तंत्र-मंत्र भी किए.
“प्यार करना क्या गलत है? अब मुझे फांसी दे दो”
फरारी के दौरान मुंबई में पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पीयूष के पास से एक लेटर बरामद किया है. इस लेटर में उसने हत्या की बात कबूलते हुए लिखा- मैंने अपनी प्रेमिका को मार दिया. क्या प्यार करना गलत है? हमारे कॉलेज के लोग हमसे नफरत करते थे. परिवार को भी यह रिश्ता मंजूर नहीं था. अब मैं भी मरना चाहता हूं, मुझे फांसी की सजा हो जाए. लेटर के आखिरी पेज पर उसने दिल का निशान बनाकर अपना और मृतका का नाम लिखा है. हालांकि, उसका यह भावुक ड्रामा उसकी क्रूरता के आगे फीका पड़ रहा है.
10 फरवरी को मिली थी नग्न अवस्था में लाश
गौरतलब है कि 10 फरवरी को द्वारकापुरी की अंकल गली के एक कमरे से दुर्गंध आने के बाद पुलिस ने 25 वर्षीय छात्रा की नग्न लाश बरामद की थी. शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीयूष का पीछा किया और उसे मुंबई से गिरफ्तार किया.
पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपी के कबूलनामे का मिलान किया जा रहा है. बरामद की गई रस्सी, टेप और चाकू को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. आरोपी ने लेटर में पछतावा तो जताया है, लेकिन उसके द्वारा किए गए कृत्य (शव के साथ दुष्कर्म और चाकू से वार) उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.