वास्तु से बदलेगी प्रेस क्लब की सूरत! रायपुर में वास्तुविद रोहित खंडेलवाल का बड़ा निरीक्षण, जानें क्या होगा नया बदलाव
रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित रायपुर प्रेस क्लब के व्यापक कायाकल्प की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है. शुक्रवार को प्रेस क्लब के प्रस्तावित रिनोवेशन कार्य को वास्तु शास्त्र के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न करने का निर्णय लिया गया है ताकि भवन में सकारात्मक ऊर्जा, संतुलन और कार्यक्षमता का समुचित समावेश हो सके.
रायपुर प्रेस क्लब में आर्किटेक्ट रोहित खंडेलवाल
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया सुप्रसिद्ध वास्तुविद रोहित खंडेलवाल ने प्रेस क्लब परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचना, कक्षों की दिशा, ऊर्जा प्रवाह और वातावरण के सामंजस्य का गहन अध्ययन करते हुए जरूरी सुझाव दिए.
प्रेस क्लब का माहौल होगा सकारात्मक
मोहन तिवारी ने बताया कि वास्तु सम्मत सुधारों से न केवल कार्यस्थल का माहौल ज्यादा सकारात्मक बनेगा, बल्कि संस्थान की प्रगति और सक्रियता को भी नई गति मिलेगी. प्रेस क्लब पत्रकारों का सृजनात्मक और संवादात्मक केंद्र है. रिनोवेशन का उद्देश्य इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ वास्तु के अनुरूप सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण उपलब्ध कराना है. ताकि पत्रकारों को बेहतर कार्य परिवेश मिल सके.
रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा ने बताया कि वास्तुविद के बताए निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही सुधार और नवीनीकरण कार्य शुरू किया जाएगा. इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े मौजूद रहे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.