एमसीबी: कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका में वाटर सप्लाई सिस्टम के तहत बिछाई गई पाइप लाइन अब खतरे की घंटी बनती जा रही है. कई वार्डों में पीने के पानी की पाइप लाइन सीधे ड्रेनेज की नालियों में बिछाई गई है, जहां ज्यादातर कॉस्ट आयरन के पाइप गंदे पानी में डूबे रहते हैं. इन्हीं पाइपों लाइनों के जरिए लोगों के घरों तक पीने का पानी पहुंचता है. लोगों को डर है कि कहीं पाइप लाइन में लिकेज होने से गंदा पानी उनकी सेहत को न बिगाड़ दे. इंदौर की घटना के बाद से लोग इस मुद्दे को लेकर सवाल भी खड़े कर रहे हैं.
नाली से होकर घरों तक पहुंचा पीने के पानी का पाइप लाइन
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नाली निर्माण का कार्य चल रहा था, उसी समय पाइप लाइन को नाली में डालने को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस वक्त किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई. लोगों ने नगर पालिका से सवाल करते हुए कहा, कमजोर कॉस्ट आयरन पाइप में कहीं से छेद हो गया, तो नाली का गंदा पानी सीधे पीने के पानी में मिल सकता है, जिससे गंभीर बीमारियों और जानलेवा खतरे की आशंका बढ़ेगी. ऐसे में जल्द से जल्द पीने के पाइप लाइन को नालियों से अलग किया जाए.
जब नाली निर्माण का कार्य चल रहा था, उसी समय पाइप लाइन को नाली में डालने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन किसी ने हम लोगों की बात नहीं सुनी. अब यह पाइप लाइन हमारे लिए खतरे की घंटी बन गई है: आशीष डवरे, मोहल्लेवासी
हम सरकार से मांग करते हैं कि पीने के पानी की पाइप लाइन को नाली से हटाया जाए और इस मामले की जांच की जाए: स्थानीय निवासी, बैकुंठपुर नगर पालिका
पीने के पानी की पाइप लाइन को नाली से हटाने का मुद्दा संज्ञान में आया है और इस पर कार्रवाई की जाएगी: सीएमओ, नगर पालिका बैकुंठपुर
सीएमओ ने दिया भरोसा
इस मामले में नगर पालिका सीएमओ का कहना है कि पीने के पानी की पाइप लाइन को नाली से हटाने का मुद्दा संज्ञान में आया है, इस पर कार्रवाई की जाएगी. दरअसल, हाल ही में इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत का मामला सामने आ चुका है, ऐसे में बैकुंठपुर में यह लापरवाही नगरवासियों के लिए बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है. बैकुंठपुर के लोग भी इंदौर की घटना के बाद से डरे सहमे हुए हैं.
नगरवासियों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. पीने के पानी की पाइप लाइन को नाली से हटाना जाना चाहिए, साथ ही, इस मामले की जांच भी करानी चाहिए कि आखिर यह लापरवाही पूर्व में क्यों और कैसे हुई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में वाटर सप्लाई योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई गई थी. इस पाइप लाइन से लोगों को घरेलू नल कनेक्शन दिए गए. लेकिन, कई वार्डों में यह पाइप लाइन सीधे ड्रेनेज की नालियों से होकर लोगों के घरों तक पहुंची, जिससे गंदा पानी पीने के पानी में मिलने का खतरा हमेशा बना रहता है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.