रांची: रांची स्थित संत जेवियर्स कॉलेज में आयोजित क्रिसमस मिलन महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भाग लिया और उपस्थित लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है.
प्रभु यीशु मसीह का संपूर्ण जीवन आपसी प्रेम, क्षमा और सेवा की भावना को अपनाने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि क्रिसमस हमें यह सिखाता है कि सच्ची खुशी दूसरों की सेवा करने और उनके प्रति करुणा रखने में ही निहित है. राज्यपाल ने कहा कि संत जेवियर्स कॉलेज, रांची न केवल झारखंड बल्कि आसपास के राज्यों में भी एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है.
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यह महाविद्यालय वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक रहा है. उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों ने शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, साहित्य, खेल और सामाजिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश और विदेश में नाम रोशन किया है.
कॉलेज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इसकी प्रतिष्ठा को ऊंचाई तक पहुंचाने में यहां के समर्पित शिक्षाविदों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने डी. ब्रावर और प्रो. ए. के. सिन्हा जैसे शिक्षाविदों को याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता आज भी लोगों के बीच प्रेरणा का स्रोत है.
उन्होंने फादर कामिल बुल्के द्वारा रचित हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोश को हिंदी भाषा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि विदेशी मूल के होते हुए भी हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय है. राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शिक्षा को भारतीय मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा न केवल कुशल बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सकें.
उन्होंने संत जेवियर्स कॉलेज से यह भी आग्रह किया कि वह आसपास के गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में और बेहतर कार्य करे. इससे न केवल ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा, बल्कि यह संस्थान अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बनेगा.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.